यूपी का बदमाश कर रहा था ट्रेनों में चोरी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मालवा एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में चार्जिंग पर लगा करीब 1 लाख 30 हजार रुपए कीमत का मोबाइल चोरी को ट्रेस करते वक्त जीआरपी के हाथ यूपी का एक मोबाइल चोर लगा है। पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसके पास से चोरी के ५ मोबाइल जब्त हुए हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी अमित कुमार भावसार ने बताया कि 28 जून को मालवा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे पृथ्वी सोनार (नंदुरबार, महाराष्ट्र) ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह एसी कोच में सफर कर रहा था और उसने अपना सैमसंग गैलेक्सी एस-25 अल्ट्रा मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया था। ट्रेन जब उज्जैन के समीप विक्रमनगर स्टेशन के आसपास से गुजर रही थी, तभी किसी ने मौका पाकर उसका यह कीमती फोन पार कर दिया।
चार और मोबाइल पकड़े गए
पकड़े गए आरोपी धर्मेंद्र की जब तलाशी ली गई तो उसके पास से फरियादी पृथ्वी सोनार का एक लाख तीस हजार रुपये का सैमसंग मोबाइल बरामद हो गया। इसके अलावा पुलिस ने उसके कब्जे से चार अन्य महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जो उसने ट्रेनों से चुराए थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि उत्तर प्रदेश का यह बदमाश बेहद शातिर है और अंतर्राज्यीय स्तर पर विभिन्न राज्यों की ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। जीआरपी ने आरोपी धर्मेंद्र को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद हुए अन्य चारों मोबाइलों के ईएमईआई नंबरों के जरिए उनके असली मालिकों और उनके द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों का पता लगाने में जुट गई है।
लोकेशन ट्रेसिंग से पकड़ में आया चोर
चोरी की वारदात इतनी बड़ी और हाईप्रोफाइल थी कि जीआरपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत तकनीकी टीम को काम पर लगाया। पुलिस ने चोरी गए मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस करना शुरू किया। साथ ही देवास, इंदौर और उज्जैन रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लोकेशन ट्रेस पर जीआरपी टीम ने उसे उप्र के हमीरपुर से पकड़ लिया। आरोप का नाम धर्मेंद्र पिता श्याम बिहारी (19) निवासी सुभाष नगर, ग्राम गोहाण्ड, थाना जरिया, जिला हमीरपुर, यूपी है।









