सस्ते सोने का झांसा देकर ठगी करने वाला गुजराती बदमाश गिरफ्तार

उज्जैन। सस्ते सोने का झांसा देकर ठगी करने वाले गुजरात के बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर दस हजार रुपए का इनाम था। उसका साथी पहले ही पकड़ा जा चुका है। दरअसल सेठीनगर निवासी अजय जाधव की पहचान गुजरात के पाटन जिले के दादका के रहने वाले सुरेश उर्फ राज पिता कांतिलाल जोशी से थी।

उसने खुद को सोने -चांदी का व्यापारी बताते हुए बैंक एकाउंट में 2.18 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए थे। 18 मई 2026 को राज ने अपने साथी रोहित उर्फ अंकुर जोशी को 7.62 लाख रुपए लेने के लिए उज्जैन भेजा था। यहां वह जाधव को सोने की डिलिवरी करने वाला था। इस बीच जाधव को धोखाधड़ी का अंदेशा हुआ तो उसने पुलिस बुला ली। मौके से जोशी को पकड़ लिया गया था लेकिन सुरेश के गुजरात में छिपा हुआ था। एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर १० हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
टीम ने पकड़ा आरोपी को
माधवनगर थाने की टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर पाटन में आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची थी।यहां से उसे धर लिया गया। आरोपी ने अपराध कबूल लिया है। उससे 20 हजार रुपए जब्त किए गए हैं।
अपील झांसे में नहीं आएं
उज्जैन पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वह सस्ते सोने-चांदी और कीमती वस्तुओं की खरीदी के झांसे में नहीं आएं। किसी भी व्यक्ति को बगैर सत्यापन के ऑनलाइन अथवा नकद भुगतान नहीं करें।









