चलती ट्रेन के गेट पर झपट्टा मारकर मोबाइल छीनने वाले आरोपी जेल गए

आउटर पर देते थे वारदात को अंजाम, चोरी का फोन बरामद

उज्जैन। चलती ट्रेन के गेट पर खड़े यात्रियों को निशाना बनाकर झपट्टा मार मोबाइल छीनने वाले दो बदमाशों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। जीआरपी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी नशे के आदी हैं और आउटर पर पटरियों के पास घात लगाकर बैठते थे। जीआरपी के मुताबिक गुना निवासी हेमंत जाटव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वो सोमवार रात मेें रतलाम-्रग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच के गेट पर खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। जैसे ही ट्रेन उज्जैन स्टेशन से रवाना हुई, उन्होंने अपने परिवार को फोन लगाने के लिए मोबाइल निकाला। इसी दौरान आउटर पर खड़े दो बदमाशों ने अचानक झपट्टा मारा और उनके हाथ से मोबाइल छीनकर पटरियों के बीच से भाग निकले। ट्रेन की गति तेज होने के कारण पीडि़त कुछ नहीं कर सका।
एफआईआर दर्ज होने के बाद जीआरपी ने जीरो पाइंट ब्रिज के आसपास गश्त बढ़ाई तो वारदात की नीयत से वहां घूमते दो युवक पकड़े गए। इन्होंने अपने नाम कान्हा मराठा (19) निवासी कोडिय़ा बस्ती और पुरुषोत्तम आदिवासी (२९) निवासी जबलपुर बताया। इन्होंने मोबाइल चोरी की वारदात को कबूल लिया और पुलिस ने मोबाइल भी जब्त कर लिया है।
हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर चौबे के के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। चामुंडा माता चौराहे के आसपास रहकर समय गुजरबसर करते हैं। दोनों के खिलाफ जीआरपी और देवासगेट पुलिस में आपराधिक रिकार्ड भी है। आरोपियों ने कबूल किया कि वे अपने नशे की लत और दैनिक खर्चों को पूरा करने के लिए आउटर पर मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। दोनों को जेल भेजने के आदेश। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।









