स्टेशन के बाहर ऑटो चालक को बदमाशों ने चाकू मारे

सुबह 6 बजे हुई वारदात सीसीटीवी में दिखे बदमाश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन के बाहर दो बदमाशों ने एक ऑटो चालक को चाकू मारकर घायल कर दिया। देवासगेट थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। सचिन पिता सुरेंद्र गुप्ता (47) विजय नगर न्यू सेंटपाल स्कूल के पास रहता है। वह ऑटो चालक है।
उसके बेटे दक्षित ने बताया कि पिता रोजाना देर रात 2 बजे ऑटो लेकर रेलवे स्टेशन जाते थे। हमें सुबह उनके दोस्तों से सूचना मिली कि पिता चरक अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें चाकू लगा है। परिवार के साथ अस्पताल पहुंचे जहां पिता की हालत गंभीर थी। ऐसे में उन्हे निजी अस्पताल मेें दाखिल कराया है। उनकी हालत गंभीर है। देवासगेट पुलिस ने बताया बताया कि सचिन का सुबह 6 बजे के करीब ऑटो रिक्शा में सवारी बैठाने की बात को लेकर दूसरे ऑटो चालक से विवाद हुआ था। दो युवकों ने उस पर चाकू से हमला किया। सचिन को पेट, सीने व अन्य जगह चाकू लगे हैं। उसने चाकू मारने वाले बदमाशों के नाम नहीं बताए हैं।
फुटेज में दिखी वारदात
पुलिस ने सचिन की रिपोर्ट पर केस दर्ज करने के बाद रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पान की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चैक किये जिसमें सचिन पर हमला करते दो बदमाश दिख रहे हैं। हालांकि इनकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। इनकी तलाश की जा रही है। पुलिस पुराने विवादों के आधार पर जांच कर रही है।









