त्रिवेणी रपट से क्षिप्रा नदी में बाइक सहित गिरे दंपत्ति, डूबने से दिव्यांग पत्नी की मौत

उज्जैन। ढाबे से खाना खाकर बाइक से घर लौट रहे दंपत्ति त्रिवेणी रपट से शिप्रा नदी में बाइक सहित गिर गए। गहरे पानी में डूबने से दिव्यांग महिला की मृत्यु हो गई जबकि पति ने तैरकर अपनी जान बचा ली। नानाखेड़ा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
टीआई नरेंद्र यादव ने बताया कि ऋतु पति पवन (28) मूलत:
शाजापुर के ग्राम कोठड़ी (कालापीपल) की रहने वाली है वह पिछले 1 साल से पति पवन के साथ नानाखेड़ा क्षेत्र में केटीएम शोरूम के पास रह रही थी। बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों इंदौर रोड स्थित ढाबे पर भोजन करने गये थे। लौटते समय त्रिवेणी रपट पार करते हुए यह शक्करवासा की तरफ आ रहे थे तभी बाइक का संतुलन बिगड़ा और दोनों शिप्रा नदी में जा गिरे। पवन को तैरना आता था। उसने पहले स्वयं को संभाला फिर ऋतु को नदी से बाहर निकालने की कोशिश की। लोगों की मदद से ऋतु को नदी से निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। शव का पीएम गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में किया है।
लव मैरिज किया था दोनों ने पवन ने पुलिस को बताया कि वह निजी कंपनी में काम करता है। उसने ऋतु से लव मैरिज की थी। ऋतु पैर से दिव्यांग थी। पिछले एक वर्ष से दोनों केटीएम शोरूम के पास स्थित कॉलोनी में रह रहे थे।









