छात्रा ने जहर खाकर जान दी

उज्जैन। छात्रा ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खाकर आत्महत्या कर ली। माधव नगर पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि कोमल पिता रामेश्वर (19) निवासी आक्या नजीक उन्हेल कॉलेज की छात्रा थी। उसने अज्ञात कारणों के चलते घर पर जहर खा लिया था। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां कोमल की मृत्यु हो गई। उसने किन कारणों के चलते जहर खाया इसकी जांच की जा रही है।
करंट लगने से हुई थी मौत
पोस्टमार्टम में पीठ पर मिले जलने के निशान, साथी समझ रहे थे दिल का दौरा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र के ग्राम नलवा में कान्ह डायवर्सन प्रोजेक्ट में काम करने वाले बिहार के श्रमिक की मौत करंट से हुई थी। बुधवार सुबह जब मजदूर की लाश कैंप के बाहर मिली, तो साथी मजदूरों ने कयास लगाए कि उसे साइलेंट हार्ट अटैक आया होगा। लेकिन दोपहर में जब शव का पोस्टमार्टम हुआ, तो कहानी पूरी तरह बदल गई। चिंतामण पुलिस के अनुसार, आनंद (29) पिता रामश्रेय पंडित निवासी सिवान (बिहार) की मौत हुई है।
आनंद करीब 50 अन्य मजदूरों के साथ उज्जैन में चल रहे कान्ह डायवर्सन प्रोजेक्ट में मजदूरी करने आया था। सभी मजदूर ग्राम नलवा में स्थित प्रोजेक्ट कंपनी के अस्थाई कैंप में रुके हुए थे। साथियों ने बताया कि मंगलवार रात को आनंद सबके साथ खाना खाकर सामान्य रूप से सोया था, लेकिन बुधवार सुबह उसकी लाश कैंप के बाहर संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। उन्होंने आशंका जताई कि रात में सोते समय उसे दिल का दौरा पड़ा होगा। दोपहर में जब चिंतामण पुलिस की मौजूदगी में शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम शुरू हुआ, तो मृतक की पीठ बुरी तरह झुलसी हुई दिखाई दी। डॉक्टरों ने साफ किया कि यह इलेक्ट्रिक बर्न (करंट से जलने का निशान) है और मौत की वजह करंट लगना ही है।









