बुलेट पर बैठकर सीएम ने देखें सिंहस्थ के काम

उज्जैन के रंग में रंगे नजर आए डॉ. मोहन यादव
कोयला फाटक से कंठाल चौराहे तक पैदल घूमें , कॉफी पी और लिया चौड़ीकरण का फीड बैक
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सीएम डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को उज्जैन के रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने हेलमेट पहनकर बुलेट की सवारी की, खूब पैदल चलें, कंठाल चौराहे पर जलेबी तली और कॉफी पी। पैतृक घर में पूजन में हिस्सा लिया। हाल ही में शहर के प्रबुद्धजनों के यहां हुई गमी में शामिल हुए और शोक जताया।
सीएम नागदा में ग्रीनफील्ड हाईवे का भूमिपूजन कर उज्जैन पहुंचे थे। वीआईपी रेस्ट हाउस में कुछ समय रुककर उनका सफर शुरू हुआ। हेलमेट पहनकर वह बुलेट पर सवार हुए और सिंहस्थ कामों का मुआयना करने निकले। शुरुआत फ्रीगंज में बन रहे नए ओवरब्रिज से हुई। समानांतर ब्रिज पर पहुंचकर उन्होंने ब्रिज कॉर्पोरेशन के अफसरों से जानकारी ली।
कोयला फाटक से किया पैदल भ्रमण
कोयला फाटक पर पहुंचकर सीएम ने बुलेट छोड़ दी और पैदल सफर शुरू किया। वह चौड़ीकरण काम देखने निकले थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से चौड़ीकरण का फीडबैक भी लिया। इस दौरान वह मस्जिद के पास भी रुकें और बात की। रहवासियों और दुकानदारों ने सीएम का आत्मीय अभिनंदन किया और चौड़ीकरण के फायदे बताएं।
कंठाल चौराहे पर सीएम ने तली जलेबी
कंठाल चौराहा के खंडेलवाल मिष्ठान भंडार पर सीएम ठहर गए। उन्होंने अपने पुराने दिनों की स्मृति साझा की और संचालक से हालचाल पूछा। संचालक के हाथ से खमीर की गलनी (खमीर का कपड़ा) अपने हाथ में ली और जलेबी तली। यहीं सीएम ने कॉफी भी पी। यहां से वे गीता कॉलोनी स्थित पैतृक घर गए और पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुए। पारिवारिक कार्यक्रम से निपटने के बाद वह शोक बैठकों में शामिल होने निकले। पीपलीनाका पर गौरीशंकर कायथ, राजस्व कॉलोनी में ओम अमरनाथ खत्री, दशहरा मैदान में मधु जिंदल के निवास पर पहुंचकर उन्होंने शोक जताया।इस दौरान विधायक अनिल जैन कालूहेडा, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, उनके साथ थे।
पदोन्नत डिप्टी कलेक्टरों ने जताया सीएम का आभार
प्रभारी डिप्टी कलेक्टर पद से नियमित डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने मुख्यमंत्री का सम्मान गुलदस्ता और स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया।









