केबल चोरों को ग्रामीणों ने पीट-पीट कर किया अधमरा

रात 2 बजे केबल चुराते रंगे हाथों पकड़ाये थे, अब अस्पताल में भर्ती
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बडऩगर थाना क्षेत्र के एक गांव में बोरिंग की केबल चुराने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया और पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। दोनों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
टीआई कमलेश सिंह सिंगार ने बताया कि काजीखेड़ी-दोतरू गांव से घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह करीब 5 बजे डायल-100 पहुंची थी। ग्रामीणों ने दो युवकों को घायल अवस्था में पुलिस के हवाले किया। उनके शरीर पर मारपीट के निशान थे। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल चरक भवन लाकर भर्ती कराया गया है। गांव के चौकीदार को बयान दर्ज कराने थाने बुलाया है।
नशे में वारदात करने लगे
दोनों घायल युवक विनोद पिता रामचंदर (24) निवासी सहसा गांव थाना चंदन नगर इंदौर और भागीरथ पिता हिंदू चौधरी (50) निवासी राऊ हैं। विनोद की पीठ व शरीर के अन्य हिस्सों पर लाठी, फरसे के इतने वार हैं कि वह बोलने की स्थिति में नहीं है। भागीरथ को पीठ के अलावा पैर में भी चोंटे हैं। उसने बताया कि रात में दोनों ने साथ में शराब पी फिर एक गांव में पहुंचे और बोरिंग की केबल निकालने लगे। तभी कुछ लोगों ने पकड़ लिया और शोर मचाकर 30-40 लोगों को इकट्ठा किया। सभी ने उन्हें बुरी तरह पीटा। माफी मांगी, हाथ जोड़े-पैर पकड़े। विनोद तो अधमरा हो चुका था। करीब 2 घंटे बाद पुलिस के हवाले किया।









