मानसून की मुसीबत : सड़क पर पानी ही पानी, बारिश में घर के आगे कचरा

उज्जैन। मानसूनी सीजन ने शहर में लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया है। कहीं सड़कों पर पानी फैल रहा है तो कहीं बारिश के साथ कचरा लोगों के घरों के आगे आ रहा है।
सम्राटनगर में सड़क पर पानी इससे ही गुजर रहे लोग
वार्ड नंबर 3 में आगर रोड पर आने वाले सम्राटनगर में नाली चोक होने से गंदा पानी सड़क पर आ रहा है। माताजी मंदिर से लेकर सम्राटनगर और एकतानगर तक यह पानी फैल हुआ है। इसमें से ही वाहनचालक और राहगीर निकल रहे हैं। रहवासी सादिक पठान बताते हैं कि शिकायत करने पर खानापूर्ति कर दी जाती है, फिर हालत वैसे ही हो जाते हैं। बारिश सीजन में तो बेहद मुसीबत हो जाती है। इस वार्ड से भाजपा के पंकज चौधरी पार्षद हैं।
फाजलपुरा में घर के आगे कचरा
वार्ड नंबर 16 के फाजलपुरा मेंं नालियां चोक होने से गंदगी की समस्या है। सामान्य दिनों में तो यहां हालत ठीक रहते हैं लेकिन बारिश में स्थिति खराब हो जाती है। रहवासी धर्मेंद्र रायकवार बताते हैं कि बारिश के साथ कचरा घर के सामने आ जाता है। ऐसी स्थिति में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। इस वार्ड से भाजपा के राजेश बाथम पार्षद हैं।
गणेश कॉलोनी में गंदगी
वार्ड नंबर 34 की गणेश कॉलोनी कॉरिडोर में भी गंदगी की समस्या है। यहां जयसिंहपुरा मार्ग पर मनु किराना स्टोर के सामने गंदगी पसरी रहती है। सफाई कभी-कभार ही होती है। वार्ड की पार्षद भारती चौधरी हैं। वह भाजपा से आती हैं।
नाले की दीवार अधूरी छोड़ी, सीपेज वाटर जा रहा बोरिंग में
वार्ड 35 में मंछामन रोड पर नाला निमार्ण में दीवार अधूरी छोड़ दी गई है। दीवार के गैप में चूरी डाल दी है और ऐसे में नाली का सीपेज वाटर जमीन में रिस रहा है। रहवासी राजेश जोशी कहते हैं कि यह नाली का गंदा पानी रिसकर बोरिंग का जल दूषित कर रहा है। यह इलाका वार्ड 35 में आता है और भाजपा के संग्रामसिंह भाटिया यहां से पार्षद हैं।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









