मैकेनिक गया था ससुराल, चोर घर साफ कर गए

कृष्णा विहार में सूने मकान में लाखों की चोरी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कानीपुरा रोड की कृष्णा विहार कॉलोनी में रहने वाले एक मशीन मैकेनिक को ससुराल जाना भारी पड़ गया। वह परिवार के साथ ससुराल में था और चोर उसका घर साफ कर गए। रविवार-सोमवार की रात हुई चोरी की जानकारी उसे सोमवार सुबह 5 बजे तब मिली, जब वह घर पहुंचा।
कृष्णा विहार के ईश्वरलाल पिता मोहनलाल मशीन मैकेनिक हैं। वह पत्नी और बेटी के साथ रविवार रात करीब 9 बजे चिंतामन नगर स्थित ससुराल गए थे। ससुराल वालों के अनुरोध पर वह परिवार सहित रात रुक गए थे। सुबह करीब 5 बजे जब वह घर लौटे तो मेनगेट के ताले टूटे थे। हॉल, बेडरूम का सामान बिखरा था, अलमारी खुली थीं।
3 तोला सोना, 800 ग्राम चांदी के आभूषण ले गए
ईश्वरलाल ने बताया कि चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और इसमें रखे 3 तौला वजनी सोने और 800 ग्राम वजनी चांदी के आभूषण चुरा लिए। 54 हजार रुपए की नगदी भी ले गए। चोरेां ने घर का सामान भी फैला दिया। घर या आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, ऐसे में चोरों का सुराग नहीं मिल सका है।








