हनी ट्रैप में फंसाकर युवक से 10 लाख की फिरौती लेने वालों का सुराग मिला

बजरंग दल कार्यकर्ता बताकर होटल में पकड़ा था नरवर के युवक और सीहोर की युवती को
पंवासा के रहने वाले हैं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कंस्ट्रक्शन का काम करने वाले एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर 10 लाख की वसूली करने वाले बदमाशों का पुलिस को सुराग मिल गया है। इनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। इन्होंने हिंदूवादी संगठन का कार्यकर्ता बनकर युवक का अपहरण कर लिया था।
दरअसल, कंस्ट्रक्शन का काम करने और नरवर के रहने वाले हैदर पिता कलाम पटेल से सोशल मीडिया पर सीहोर में रहने वाली युवती ने दोस्ती की थी। उसने हैदर से खुद के लिए काम मांगा था और इस सिलसिले में वह 18 जुलाई को उज्जैन आई थी। हैदर ने उसे रेलवे स्टेशन से कार में पिक किया था और दोनों हैदर की कंस्ट्रक्शन साइड गए थे। काम की बात करने के बाद दोनों इंदौर रोड की एक होटल में थे, इसी दौरान कथित तौर पर हिंदूवादी संगठन के 8-10 लोग पहुंचे और हैदर को पीटते हुए अपनी कार में डालकर ले गए थे इस बीच आरोपियों ने हैदर का अश्लील वीडियो बनाया और उसे उसके परिजनों को भेजकर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
हैदर की कहानी पर भी सवाल
1- घटना 18 जुलाई की है तो हैदर दो दिन तक चुप क्यों रहा। घटना की जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी?
2- होटल से बदमाश हैदर को मारते-पीटते कार तक ले गए तो होटल कर्मचारी-संचालक ने जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी?
3- युवती अगर काम के सिलसिले में आई थी तो हैदर उसे होटल में क्यों ले गया था?
4- क्या कंस्ट्रक्शन का छिटपुट काम करने वाला शख्स 10 लाख की फिरौती का इंतजाम केवल एक कॉल पर कर सकता है?
5- अभी नकदी का चलन कम है, ऐसे में 10 लाख रुपए का इंतजाम कैसे हुआ?
6- इस पूरे घटनाक्रम के दौरान युवती कहां थी और वह क्या कर रही थी?
दोस्त से लेकर दिए रुपए
जब हैदर के परिजनों ने इतनी बड़ी राशि नहीं होने का हवाला दिया तो आरोपियों ने इसे कम करके २६ लाख कर दिया। हैदर ने दोस्त शेखर के जरिये 10 लाख मंगवाए। आरोपियों ने बाकी राशि मांगी, जब उसने असमर्थता जताई तो उन्होंने हैदर की घड़ी, चेन और 4 हजार रुपए छीन लिए। हैदर ने सोमवार को नानाखेड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आशंका हनीट्रैप की
हालांकि इन सवालों के बीच यह मामला हनीट्रैप का भी लग रहा है। पुलिस मान रही है कि आरोपियों ने ही युवती को हैदर से दोस्ती के लिए तैयार किया, उसे काम मांगने भेजा, वीडियो बनाया और फिरौती वसूल कर ली।
पंवासा के युवक व साथियों की तलाश: इधर, पुलिस ने बताया कि हैदर ने अपहरण करने वालों की संख्या 8-10 बताई है। प्रारंभिक जांच में पंवासा के लोकेश का नाम सामने आया है। टीआई नरेंद्र यादव के अनुसार सीसीटीवी फुटैज चैक किए हैं। कुछ संदिग्ध दिखे हैं। इनकी तलाश की जा रही है।
बजरंग दल का कोई लेना-देना नही: अपहरण और फिरौती मामले में बजरंग दल के लोगों के शामिल होने से विभाग सहसंयोजक अंकित चौबे ने इंकार किया है। चौबे ने कहा कि बजरंग दल के कार्यकर्ता सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए काम करते हैं, इस तरह के अपराध नहीं। यह हरकत बजरंगदल को बदनाम करने की साजिश हो सकती है। पुलिस को बदमाशों को पकड़कर सच्चाई सामने लानी चाहिए।
एसपी प्रदीप शर्मा कहते हैं कि यह क्राइम का नया तरीका है। युवती को प्लांट कर अपहरण की योजना बनाई गई और फिरौती वसूली गई। फिलहाल कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है। इनकी धरपकड़ के लिए टीमें लगी हुई हैं।








