फर्शी हटाकर खुली छोड़ी नाली खुदाई से कीचड़, गिर रहे लोग

मानसून की मुसीबत
उज्जैन। मानसूनी सीजन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। कहीं फर्शी हटाकर नाली को यूं ही खुली छोड़ दिया गया है तो कहीं सीवरेज प्रोजेक्ट के बाद गडढ़ों को भरने में कोताही बरती गई है। ऐसे में कीचड़ में लोग स्लीप हो रहे हैं।
सीवरेज प्रोजेक्ट में की खुदाई, अधूरा छोड़ा काम
सेठीनगर में सीवरेज प्रोजेक्ट के लिए खुदाई की गई। खुदाई के बाद पाइप लाइन डाल दी गई। खुदाई वाली जगह पर मिट्टी भी भर दी लेकिन इसके ऊपर सीमेंटीकरण नहीं किया। नतीजा बारिश में मिट्टी दब गई और कीचड़ बाहर आ गया। अब लोग कीचड़ में फिसल कर गिर रहे हैं और हादसे का शिकार हो रहे हैं। रहवासी लकी संतोरे ने बताया कि मुख्य मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। हादसे की आशंका बनी रहती है। खासकर रात के समय।
वैशाली नगर में नाली की फर्शियां हटाईं, खुली छोड़ी
वैशालीनगर-मंगलकॉलोनी में सीवर पाइपलाइन डालने के लिए नाली की फर्शियां हटाई थीं। पाइपलाइन तो डाल दी लेकिन नाली खुली छोड़ दी। प्रो. एनके गर्ग कहते हैं कि यह नाली चारों तरफ से सड़क से घिरी है। बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है। बारिश में हादसे की आशंका बनी रहती है। शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
जानकी नगर में खुला छोड़ा चैंबर
वार्ड 2 के जानकी नगर में सड़क के बीचोंबीच ही चैंबर बगैर ढक्कन के छोड़ दिया गया है। हाल यह है कि चैंबर का गंदा पानी सड़क पर फैलता है और हादसे की आशंका भी बनी रहती है। रहवासी मनोज डाबी कहते हैं कि शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









