भगोरिया उत्सव मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर : मुख्यमंत्री

आलीराजपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अमर शहीद एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली चंद्रशेखर आजाद नगर ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी जयंती के अवसर पर यहां आना अपने लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आलीराजपुर अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, प्राकृतिक खेती, वन संपदा और स्थानीय कला के कारण विशेष पहचान रखता है तथा राज्य सरकार जिले को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को बलराम कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में आलीराजपुर, धार, झाबुआ, बड़वानी और रतलाम सहित विभिन्न जिलों से आए युवा सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स ने भाग लिया। सीएम ने कहा कि सोशल मीडिया सकारात्मक बदलाव लाने और शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने इन्फ्लूएंसर्स से प्राकृतिक खेती, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, ग्रामीण नवाचार और स्थानीय उत्पादों पर कंटेंट तैयार करने की अपील की।









