गंदगी के ढेर बने लोगों की परेशानी का कारण

मानसून की मुसीबत
उज्जैन। मानसून का सीजन कई जगह परेशानी की वजह बन रहा है। कहीं गंदगी के ढेर हैं तो कहीं नल के पानी में बदबू आ रही है।
खाली प्लाट पर कचरे का ढेर
वार्ड 4 में स्थित सरकारी कन्या स्कूल कानीपुरा रोड के पास वाली गली में खाली प्लाट पर कचरे का ढेर लगा है। इस जगह पर नाली भी नहीं बनी है, ऐसे में गंदा पानी भी खाली प्लाट पर ही जमा हो रहा है। रहवासी धर्मेंद पांचाल बताते हैं कि क्षेत्रीय पार्षद घनश्याम गौंड को कई बार शिकायत कर दी है। सीएम हेल्पलाइन पर भी आवेदन किया है, बावजूद इसके कोई हल नहीं हुआ है। गौंड भाजपा के टिकट पर चुने गए हैं।
पानी साफ, पर बदबूदार
वार्ड नंबर 21 के चंद्रशेखर आजाद मार्ग पर दूसरी ही समस्या है। यहां नल से पानी तो साफ आ रहा है लेकिन यह बदबूदार है। यहां की रहवासी अभिरुचि चौरसिया बताती हैं कि ऐसा लगता है कि जैसे नाले की बदबू आ रही है।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









