देवास-बदनावर रोड के बांगर टोल प्लाजा पर विधायक ने कर्मचारी को पीटा

उज्जैन। उज्जैन से करीब 25 किलोमीटर दूर एनएचएआई के देवास-बदनावर रोड के बांगर टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी से मारपीट करने का तराना विधायक महेश परमार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस संबंध में विधायक की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
दरअसल, यह वीडियो रविवार की दोपहर बांगर टोल प्लाजा का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि तराना के कांग्रेस विधायक महेश परमार, उनके पीएसओ और कुछ लोग टोल पर रुके। उनकी कर्मचारी से बहस हुई और इसके बाद कर्मचारी की पिटाई कर दी गई।
खिड़की में हाथ डालकर कर्मचारी को चांटा मारने का सीन वीडियो में दिख रहा है। दावा किया जा रहा है कि राजनैतिक दबाव में टोलकर्मी ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इस संबंध में विधायक महेश परमार का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क की कई कोशिश की गई लेकिन उनका पक्ष नहीं मिला।









