Advertisement

दूसरी सवारी आज, लोक नृत्य दल जमाएंगे रंग

सोम प्रदोष के साथ आज सावन सोमवार : लाखों श्रद्धालु आए, मंदिर खचाखच, प्रमुख मार्गों पर जाम

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आज शाम भगवान महाकाल की दूसरी सवारी निकलेगी। इस बार विभिन्न जिलों से आए लोक नृत्य दल सवारी का आकर्षण रहेंगे। करीब एक दर्जन से अधिक दल सवारी में शामिल होंगे। राजाधिराज के स्वागत में शहर तैयार है। सभा मंडप में पूजन के बाद शाम 4 बजे पालकी मंदिर से निकलेगी और परंपरागत मार्ग होते हुए रात 8 बजे मंदिर पहुंचेगी।

आज दूसरी सवारी में राजाधिराज श्री महाकालेश्वर पालकी में श्री चंद्रमौलेश्वर स्वरूप और हाथी पर मनमहेश स्वरूप में विराजित होकर दर्शन देंगे। आज सावन सोमवार के साथ ही सोम प्रदोष का मौका भी है। इस कारण सुबह से ही श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शनार्थियों की जबर्दस्त भीड़ देखी गई है।

Advertisement

शनिवार से ही शहर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आना शुरू हो गए थे। रविवार के दिन भी लाखों दर्शनार्थियों के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर भीड़ और जाम की स्थिति रही। सोमवार को भी सुबह से यही हाल थे। महाकाल मंदिर पहुंचने के सभी प्रमुख रास्ते रात से ही फुल थे। इंदौर रोड, हरिफाटक रोड पर लगातार जाम की स्थिति बनी है। सोम प्रदोष के कारण भी काफी संख्या में दर्शनार्थी मंदिर पहुंच रहे हैं। इस कारण सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ मंदिर में दिखाई दे रही है।

भस्म आरती में कश्मीर के उप राज्यपाल आए
सोमवार सुबह भस्म आरती में काफी भीड़ रही। जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिए।श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका स्वागत एवं सत्कार किया। सूत्रों के मुताबिक सुबह चलित कतार के जरिए करीब 6 हजार से अधिक लोगों को भस्म आरती के दर्शन करवाए गए हैं।

Advertisement

संडे को 4.82 लाख ने किए दर्शन, बिका 40 लाख का लड्डू प्रसाद
श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को काफी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचे। मंदिर के पट बंद होने तक 4 लाख 82 हजार 645 लोगों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए। यहां आने वाले श्रद्धालुओं ने रविवार को 84.677 क्विंटल लड्डू प्रसाद खरीदा। जिससे मंदिर समिति को 40 लाख 15 हजार 600 प्राप्त हुए हैं।

सवारी के दौरान नो-एंट्री और डायवर्जन

 नो एंट्री क्षेत्र-सोमवार की सवारी के दौरान कोट मोहल्ला, गुदरी, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, हरसिद्धि, रामघाट, कार्तिक चौक, ढाबा रोड, टंकी चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इन मार्गों पर जाने से बचें- देवासगेट, इंदौरगेट, दौलतगंज, बेगमबाग, महाकाल घाटी, हरसिद्धि, गुदरी, दानीगेट, ढाबा रोड, जूना सोमवारिया और केडी गेट। यहां भीड़ की संभावना है।

भारी वाहनों का डायवर्जन-रतलाम, नागदा, मंदसौर और नीमच की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तपोभूमि चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा देवासगेट बस स्टैंड से हरिफाटक की ओर बसों की एंट्री नहीं होगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें