एमपी बोर्ड परीक्षा 2027: जानिए कब होगा आपका पहला पेपर

भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) मुख्य परीक्षाओं का समय-सारिणी जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक तथा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएंगी।
10वीं की परीक्षा 24 फरवरी को भाषा विषयों, चित्रकला, गायन-वादन, तबला-पखावज और कंप्यूटर विषय से शुरू होगी। इसके बाद 25 फरवरी को एनएसक्यूएफ एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 27 फरवरी को उर्दू, 2 मार्च को हिंदी, 5 मार्च को गणित, 9 मार्च को अंग्रेजी, 12 मार्च को संस्कृत, 15 मार्च को विज्ञान और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा।
12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन एवं तबला-पखावज विषयों से शुरू होंगी। 18 फरवरी को उर्दू और मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत, 22 फरवरी को एनएसक्यूएफ, शारीरिक शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 23 फरवरी को हिंदी तथा 26 फरवरी को अंग्रेजी का पेपर आयोजित होगा। इसके बाद 1 मार्च को इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 3 मार्च को समाजशास्त्र, 4 मार्च को भौतिक शास्त्र एवं अर्थशास्त्र, 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र, 13 मार्च को रसायन शास्त्र, इतिहास और व्यवसाय अध्ययन तथा 16 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। 17 और 19 मार्च को विभिन्न व्यावसायिक एवं वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र
मंडल ने परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र और 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में प्रवेश करना होगा। 8:45 बजे के बाद किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 8:45 बजे समय दिया जाएगा, जबकि 8:55 बजे उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी।
प्रायोगिक परीक्षाओं का भी कार्यक्रम तय
10वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 30 जून 2027 के बीच आयोजित होंगी, जबकि 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक कराई जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर प्रायोगिक परीक्षाएं अवकाश के दिनों में भी आयोजित की जा सकेंगी।
परीक्षा की प्रमुख तिथियां
12वीं परीक्षा : 17 फरवरी से 19 मार्च 2027
10वीं परीक्षा : 24 फरवरी से 18 मार्च 2027
परीक्षा समय : सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
केंद्र पर पहुंचना : सुबह 8 बजे तक
प्रवेश बंद : सुबह 8:45 बजे
10वीं प्रायोगिक परीक्षा : 11 से 30 जून 2027
12वीं प्रायोगिक परीक्षा : 1 फरवरी से 19 मार्च 2027









