सिंपल साड़ी को दें मॉडर्न लुक, अपनाएं ये 5 स्टाइलिंग टिप्स

साड़ी भारत में महिलाओं के बीच काफी पसंद किया जाने वाला पारंपरिक पहनावा है। लेकिन अब इसे पहनने का अंदाज काफी बदल गया है। आज साड़ी को ट्रेडिशनल तरीके के साथ-साथ इंडो-वेस्टर्न स्टाइल में भी पहना जा रहा है।
अगर आप हर बार साड़ी में एक जैसा लुक नहीं चाहतीं, तो कुछ आसान स्टाइलिंग टिप्स की मदद से अपने आउटफिट को बिल्कुल नया अंदाज दे सकती हैं। आइए जानते हैं साड़ी को स्टाइल करने के 5 आसान तरीके।
1. बेल्ट के साथ पहनें साड़ी
साड़ी के ऊपर बेल्ट लगाना इन दिनों काफी पसंद किया जा रहा है। यह स्टाइल आपके ट्रेडिशनल लुक को मॉडर्न टच देता है और कमर को भी अच्छी तरह हाईलाइट करता है।आप साड़ी के रंग के हिसाब से लेदर, मेटैलिक या डिजाइनर बेल्ट चुन सकती हैं। यह स्टाइल पार्टी और फंक्शन के लिए अच्छा विकल्प है।
2. पैंट के साथ करें ड्रेप
अगर आप साड़ी में आराम के साथ स्टाइल चाहती हैं, तो पैंट स्टाइल ड्रेप ट्राई कर सकती हैं। इसमें पेटीकोट की जगह फिटेड पैंट या पलाजो पहना जाता है।यह लुक काफी मॉडर्न और स्मार्ट दिखाई देता है। ऑफिस इवेंट, कैजुअल पार्टी या छोटे फंक्शन के लिए यह स्टाइल अच्छा रहेगा।
3. जैकेट के साथ दें रॉयल लुक
साड़ी के साथ जैकेट या केप पहनकर आप अपने लुक को थोड़ा रॉयल बना सकती हैं। खासकर सर्दियों में यह स्टाइल काफी काम आता है। सिंपल साड़ी के साथ एम्ब्रॉयडरी वाली जैकेट या लॉन्ग जैकेट पहनने से पूरा लुक काफी एलिगेंट नजर आता है।
4. पल्लू को दें नया अंदाज
साड़ी के पल्लू को हमेशा पारंपरिक तरीके से लेने की जरूरत नहीं है। आप इसे स्कार्फ की तरह गले में ड्रेप कर सकती हैं या अपनी पसंद के अनुसार अलग स्टाइल में कैरी कर सकती हैं। यह छोटा सा बदलाव आपकी सिंपल साड़ी को भी स्टाइलिश और यूनिक बना सकता है।
5. मॉडर्न एक्सेसरीज के साथ करें पेयर
साड़ी के साथ हमेशा हैवी ज्वेलरी पहनना जरूरी नहीं है। आप स्टेटमेंट ईयररिंग्स, मिनिमल नेकलेस, बेल्ट बैग या यहां तक कि स्नीकर्स के साथ भी साड़ी को स्टाइल कर सकती हैं।यह लुक खासकर यंग महिलाओं के लिए अच्छा विकल्प है और साड़ी को एक फ्रेश इंडो-वेस्टर्न टच देता है।
साड़ी को स्टाइलिश बनाने के लिए हमेशा महंगे कपड़े या भारी ज्वेलरी की जरूरत नहीं होती। बस ड्रेपिंग के तरीके, ब्लाउज, फुटवियर और एक्सेसरीज में थोड़ा बदलाव करके आप एक ही साड़ी को कई अलग-अलग लुक में पहन सकती हैं।









