जन्माष्टमी : शहर में छाया कान्हा के जन्मदिन का उल्लास, मंदिर और संस्थाओं में आयोजन

कहीं विशेष पोशाक पहनेंगे तो कहीं मटकी फोड़ेंगे
उज्जैन। शहर कान्हा के जन्मदिन के खुमार में डूबा हुआ है। मंदिरों में विशेष आयोजन होने जा रहे हैं, तो स्कूलों में जन्माष्टमी की हलचल गुरुवार से शुरू हो गई। कहीं भगवान विशेष पोशाक पहनेंगें तो कहीं मटकी फोड़ी जाएगी।
श्री बांके बिहारी मंदिर : जयपुर की विशेष पोशाक से शृंगार
मंगलनाथ मार्ग अंकपात स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। श्री बांके बिहारी का पूजन-अभिषेक होगा और जयपुर से मंगाई गई विशेष पोशाक से भगवान का आकर्षक शृंगार किया जाएगा। पुजारी पं. वासुदेव शास्त्री ने बताया कि रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का प्रकटोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान विशेष पूजन, अभिषेक और महाआरती होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। शनिवार दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में नंद उत्सव और मटकी फोड़ कार्यक्रम होगा।
मीरा माधव मंदिर में भक्त और भगवान की पूजा
प्रदेश के एकमात्र मीरा माधव मंदिर में जन्माष्टमी पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। इस अवसर पर शाम 6 बजे पुष्प शृंगार दर्शन और रात 8 बजे जागरण दर्शन के साथ भजन संध्या होगी। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। पुजारी पं. अर्पित बटवाल एवं पं. आकाश बटवाल ने बताया कि शनिवार सुबह 8 बजे नंद महोत्सव होगा। इस दौरान भक्तों के लिए विशेष दर्शन और धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
छोटे गोपाल मंदिर : शाम को भजन संध्या व खीर वितरण
फ्रीगंज स्थित छोटे गोपाल मंदिर को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया गया है। मंदिर के सुनील यादव ने बताया कि छोटे गोपाल मंदिर करीब 90 वर्ष पुराना पुश्तैनी मंदिर है। मंदिर के आगे राम-जानकी जी तथा पीछे राधा-कृष्ण जी विराजमान हैं। यहां प्रतिवर्ष जन्माष्टमी का पर्व परंपरागत रूप से बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। जन्माष्टमी के दिन सुबह भगवान का अभिषेक एवं पूजन होगा। शाम को टॉवर चौक पर भजन संध्या होगी। श्रद्धालुओं को खीर मक्खन का प्रसाद वितरित किया जाएगा। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म कथा होगी। रात्रि 12 बजे आरती की जाएगी।
प्रकटेश्वर महादेव : 500 मटकियों और 151 तुलसी से सजेगा दरबार
फ्रीगंज स्थित श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में भगवान श्री राधा-कृष्ण का दरबार 151 तुलसी के गमलों और 500 मटकियों से सजाया जाएगा। उत्सव के बाद बछबारस के दिन भगवान की सेवा में रखे गए तुलसी के पौधे श्रद्धालुओं को वितरित किए जाएंगे। पुजारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि मंदिर में विराजित श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमा फ्रीगंज क्षेत्र में स्थापित होने वाली पहली प्रतिमा होने का गौरव रखती है। भगवान की यह मनमोहक प्रतिमा मोती मार्बल से निर्मित है। यह आयोजन पुजारी परिवार, फ्रीगंज के रहवासियों और दर्शनार्थियों के विशेष सहयोग से किया जा रहा है। जन्माष्टमी पर्व पर मंदिर में विशेष साज-सज्जा की जाएगी। शाम 7.30 बजे भगवान की शृंगार आरती होगी। रात 12 बजे जन्मोत्सव मनाया जाएगा।श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
नारायणा : राजसी ठाठ-बाट से निकली कृष्ण-सुदामा की सवारी
श्रीकृष्ण सुदामा धाम नारायणा में कृष्ण-सुदामा की सवारी राजसी ठाठ-बाट से निकाली गई। पुलिस बैंड की सुमधुर धुनों के बीच गार्ड ऑफ ऑनर देकर भगवान को सलामी दी गई। इसके बाद प्रजा का हाल जानने निकले भगवान की सवारी में ग्रामीण ढोल-धमाकों के साथ नाचते-गाते शामिल हुए। पुजारी प्रेमनारायण शर्मा, जितेंद्र शर्मा और अर्जुन शर्मा ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान को पालकी में विराजित किया। अयोध्या से आईं साध्वी मीरा दीदी ने भी भगवान की आरती की। उत्सव समिति ने बताया कि महोत्सव के तहत प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। जन्माष्टमी की रात 12 बजे कथा की पूर्णाहुति होगी और महाभंडारा होगा।









