Advertisement

भोपाल के इरानी डेरे से पकड़ाए महिला की चेन चुराने वाले आरोपी, सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद

पुलिस की मदद करने वाले मकान मालिक को किया सम्मानित

Advertisement

शाजापुर/अकोदिया। जिले के अकोदिया से चोरी गई करीब 2.50 लाख रुपए की चेन चोरी के मामले में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जिन्हें भोपाल पहुंचकर पुलिस ने गिरफ्तार करने का प्रयास किया। हालांकि बदमाश बारिश व अंधेरे का फायदा उठाने में तो सफल हो गए, लेकिन पुलिस ने चेन बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार 2 सितंबर को अकोदिया निवासी दिनेश सोनी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनकी 82 साल की मां कमला बाई लकवे से पीडि़त हैं। वे एक फोटोकापी दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान दो लोग 500 रुपए के खुले कराने के बहाने दुकान पर आए। उन्होंने कमला बाई से पैसे निकालने में मदद करने को कहा और इसी दौरान उनके पर्स से रुपए निकाल लिए। जब दोनों वहां से चले गए तब कमला बाई ने अपना पर्स देखा। जिसमें रखी 22 ग्राम की पुरानी सोने की चेन गायब थी।

Advertisement

इसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने मामला दर्ज किया और मामले की जांच के लिए एसपी प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर एक टीम बनाई गई। एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख ने टीम का मार्गदर्शन किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। इसमें दो संदिग्ध नजर आए। जांच में पता चला कि चार संदिग्ध दो बाइक से आए थे। इनमें से दो दुकान के अंदर गए थे। फुटेज जिले के अलग-अलग थानों और आसपास के जिलों में भेजे गए। मुखबिर से मिली जानकारी पर पुलिस को संदिग्धों के भोपाल स्थित ईरानी डेरे में होने का पता चला।

पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से वहां तलाश की। इसी दौरान फुटेज के हुलिए से मिलता-जुलता एक शख्स दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पॉलीथिन फेंक दी और भाग गया। पॉलीथिन से चोरी की चेन बरामद कर जब्त की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजयसिंह राजपूत, तेजप्रकाश बोहरे, भूपेंद्र, आशीष वर्मा, विवेक पुरी, अंकित गुप्ता, राजेंद्र मीणा एवं आरक्षक जितेंद्र सिकरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान अकरम पिता बलीयत अली और मोहसीन निवासी रेलवे स्टेशन ईरानी डेरा भोपाल के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार जहां वारदात हुई थी उसके सामने रहने वाले गोपाल लाहोटी ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। जिसके फुटेज उन्होंने पुलिस को उपलब्ध करवाए और फुटेज से पहचान में महत्वपूर्ण मदद मिली। इस पर पुलिस ने गोपाल लाहोटी का थाने बुलाकर फूलमाला, श्रीफल और शाल से सम्मान कर आभार जताया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें