स्पाइसजेट की दिल्ली-दुबई फ्लाइट 24 घंटे से ज्यादा लेट

200 यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया प्रदर्शन
नई दिल्ली। स्पाइसजेट की दिल्ली से दुबई जाने वाली दो उड़ानें 24 घंटे से ज्यादा देरी से चलीं। इससे परेशान करीब 200 यात्रियों ने मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के अंदर जमीन पर बैठकर प्रदर्शन किया। यात्री सोमवार से अपनी उड़ान का इंतजार कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों उड़ानों का समय बिना स्पष्ट कारण बताए बार-बार बदला गया। मंगलवार दोपहर तक भी दोनों उड़ानें रवाना नहीं हो सकीं। यात्रियों का कहना था कि उन्हें देरी की सही जानकारी नहीं दी जा रही थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दोनों उड़ानों का बदला गया शेड्यूल
स्पाइसजेट की उड़ान SG 5111 को सोमवार सुबह 8:30 बजे दिल्ली से रवाना होकर सुबह 11:15 बजे दुबई पहुंचना था। वहीं, उड़ान SG 5105 को सोमवार रात 10:10 बजे उड़ान भरनी थी और रात 12:55 बजे दुबई पहुंचना था।
दोनों उड़ानों में लगातार देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने एयरलाइन की व्यवस्था और सूचना देने के तरीके पर नाराजगी जताई।
विमान ग्राउंडेड होने से आई परेशानी
स्पाइसजेट के अनुसार, एक विमान के ग्राउंडेड होने के बाद ऑपरेशनल कारणों से दोनों उड़ानों में देरी हुई। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को दूसरी उड़ानों से दुबई भेजने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
विमान ग्राउंडेड होने का मतलब है कि किसी विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया है। ऐसा आमतौर पर तकनीकी खराबी, सुरक्षा कारणों या किसी आधिकारिक आदेश के चलते होता है।
जुलाई में सिर्फ 34.5 प्रतिशत उड़ानें समय पर रहीं
समय पर उड़ान भरने के मामले में स्पाइसजेट का इस साल का रिकॉर्ड अन्य बड़ी एयरलाइंस की तुलना में खराब रहा है। जुलाई में एयरलाइन की सिर्फ 34.5 प्रतिशत उड़ानें समय पर संचालित हुई थीं।
स्पाइसजेट ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी है। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों को जल्द से जल्द दूसरी उड़ानों के जरिए दुबई पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।









