रेलवे स्टेशन पर सफाई शुरू, जुर्माना भी हुआ डबल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रेलवे ने स्टेशन पर सफाई के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार के दौरे के बाद उज्जैन रेलवे स्टेशन पर खासतौर पर सफाई की जा रही है। रेलवे का यह अभियान पूरे 28 दिन चलेगा। हालांकि रेलवे स्टेशन और प्लेटफार्म को साफ रखने के लिए रेलवे ने जुर्माना भी तगड़ा कर दिया है।
अब गंदगी फेंकने या फैलाने पर 1 हजार रुपए का फाइन लगेगा। पहले 500 रुपए लगता था। पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि पहले रेलवे परिसर में गंदगी करने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाता था। अब यह राशि बढ़ाकर १ हजार रुपए कर दी गई है। अगर मौके पर संबंधित राशि का चुकारा नहीं करता है तो कोर्ट में यह राशि 2 हजार रुपए तक हो सकती है।
स्टेशन और ट्रेन दोनों में होगी कार्रवाई
रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म के साथ ट्रेन में भी गंदगी फैलाने पर फाइन लगेगा।
रेलवे परिसर में खाना पकाना, स्नान करना, थूकना, पेशाब करना, शौच करना, पशुओं-पक्षियों को खाना खिलाना, वाहन, बर्तन अथवा कपड़ों को थाने और पर्सनल सामान के अनाधिकृत स्टोरेज पर जुर्माना लगेगा।
उचित अनुमति के बगैर ट्रेन के डिब्बों, रेलवे संपत्ति पर पोस्टर चिपकाना, लिखना, चित्र बनाने को भी बैन किया गया है।
रेलवे ने वेंडर और हॉकर्स को परिसर में डस्टबिन रखने और गार्बेज के निस्तारण की जिम्मेदारी भी दी है।









