दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, 1 मृत, दो गंभीर घायल

परिजनों ने समय पर उपचार और एंबुलेंस नहीं मिलने के लगाए आरोप
अक्षरविश्व न्यूज बड़ौद। आगर-बड़ौद मार्ग पर बिजली ग्रिड के समीप शनिवार शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ग्राम बनोटी खुर्द निवासी मेहरबान सिंह पिता अर्जुन सिंह (38) की मौत हो गई, जबकि बड़ौद निवासी अनिल पिता मुकेश (20) और सुनील पिता कालूराम (19) गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दोनों बाइक आगर-बड़ौद मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही थीं। बिजली ग्रिड के समीप दोनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बड़ौद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेहरबान सिंह को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल अनिल और सुनील को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने अस्पताल में समय पर उपचार नहीं मिलने और एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रूप सिंह बैस पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति संभाली। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









