सड़क हादसे में मूकबधिर राहगीर की मौत, बाइक सवार हुआ गंभीर घायल

अक्षरविश्व न्यूज सुसनेर। सादलपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार अलसुबह सड़क हादसे में एक मूकबधिर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी अनुसार सुसनेर के इतवारिया निवासी 57 वर्षीय मनोज पिता रामचंद्र राठौर सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान सादलपुर रोड पर पेट्रोल पंप के समीप हादसा हो गया। दुर्घटना में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मैना निवासी 25 वर्षीय विशाल पिता पप्पू बरेठा, गंभीर घायल हो गए। दोनों को सुसनेर के सिविल अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम के साथ पुलिस भी अस्पताल पहुंची। डॉक्टर सौरभ जैन ने घायल विशाल का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर उपचार के लिए आगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं मृतक मनोज राठौर के शव का पोस्टमार्टम अस्पताल में किया गया।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
हादसे के बाद सादलपुर रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें घायल विशाल बरेठा हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। बताया गया कि पेट्रोल पंप पहुंचने के बाद वह कुछ देर तक पंपकर्मी की चारपाई पर लेटा रहा। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक और राहगीर के चपेट में आने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पति पर चोटी खींचकर बाइक गिराने का आरोप, महिला और 4 वर्षीय बच्ची घायल
अमरकोट के पास हुई घटना, दोनों को अस्पताल पहुंचाया
सुसनेर। ग्राम आकली से खेजड़ाखेड़ी जा रही एक महिला और उसके भाई के साथ गुरुवार दोपहर अमरकोट के पास विवाद की घटना सामने आई। महिला ने अपने पति पर बाइक का पीछा कर उसकी चोटी खींचने का आरोप लगाया है। इसके चलते बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में महिला और उसके भाई की 4 वर्षीय बेटी घायल हो गई।
महिला धर्मकुंवर बाई के अनुसार, वह अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थीं। अमरकोट के पास पीछे से उसके पति बाइक से आए और कथित तौर पर उनकी चोटी खींच दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। घटना के बाद 108 एंबुलेंस के पायलट मोहन ओसारा ने घायलों को सिविल अस्पताल सुसनेर पहुंचाया। यहां डॉ. खुशवंत सिंह कुशवाह ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









