Advertisement

न्यू मुखर्जी नगर में चाकूबाजी की घटना में एक गंभीर घायल इंदौर रेफर

गाली-गलौज रोकने पर युवक से मारपीट कर चाकू से किए थे सीने-पेट पर वार

Advertisement

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद, चारों जेल भेजे

अक्षरविश्व न्यूज देवास। न्यू मुखर्जी नगर में शराब के नशे में गाली-गलौज करने से शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। 24 सितंबर की रात एक युवक के साथ मारपीट कर उसके सीने और पेट पर चाकू से वार किए गए। घायल को एमजीएच में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

Advertisement

शिकायत के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 10.15 बजे ईडब्ल्यूएस मुखर्जी नगर निवासी ईश्वरदास बैरागी शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विजेंद्र मिश्रा और उनके बेटे राहुल ने उसे ऐसा करने से मना किया। आरोप है कि इसके बाद ईश्वरदास ने राहुल हाड़ा, गोविंद बैरागी और अमन परमार को बुला लिया। चारों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में बताया गया कि मारपीट के दौरान गोविंद बैरागी ने चाकू निकालकर राहुल मिश्रा के सीने और पेट पर वार कर दिए। हमले में वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची मोहल्ले की महिला कविता देवलिया के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। परिजन राहुल को एमजीएच लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की एफआरवी और टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखर्जी नगर में चारों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया। मामले में अपराध दर्ज किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने ईश्वरदास बैरागी (46), निवासी ईडब्ल्यूएस मुखर्जी नगर, राहुल हाड़ा (39), निवासी सिहोड़ा जिला शाजापुर, हाल मुकाम मुखर्जी नगर, गोविंद बैरागी (20), निवासी सीताराम नगर और अमन परमार (21), निवासी विजय नगर देवास को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

रहवासी महिला पूजा पंड्या ने बताया कि कॉलोनी के गणेश पंडाल में महिलाएं और बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम कर रहे थे। इसी दौरान ईश्वरदास बैरागी पंडाल के पास आया और महिलाओं के साथ अपशब्द कहने लगा। पूजा के अनुसार, ईश्वरदास ने उसके साथ भी अभद्र हरकत की, जिसका उसने विरोध किया तो वह गाली-गलौज करने लगा। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे। इसी दौरान उसके पति मोनू पंड्या भी मौके पर आए। आरोप है कि युवकों ने मोनू पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। इसी बीच राहुल बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी भागने लगे। पड़ोस में रहने वाली कविता ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके पेट में लात मार दी और मौके से फरार हो गए।

एसपी कार्यालय पहुंचे क्षेत्र के रहवासी

घटना के अगले दिन 25 सितंबर को मुखर्जी नगर के रहवासी और समाजजन एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में कथित अवैध शराब कारोबार, देह व्यापार सहित अन्य असामाजिक गतिविधियां संचालित होने और बाहरी लोगों के जमावड़े का आरोप लगाया। रहवासियों का कहना है कि विरोध करने पर लोगों को डराने-धमकाने की स्थिति बनती है और पहले भी संबंधित लोगों को समझाइश दी जा चुकी है। रहवासियों ने ईश्वर बैरागी के बेटे रितीक बैरागी की भी 24 सितंबर की घटना में भूमिका होने का आरोप लगाया।

उनका कहना है कि उसका नाम दर्ज प्रकरण में शामिल नहीं है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उसकी भूमिका स्पष्ट करने तथा क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें