मंंडला में हादसा: गणेश पंडाल में बिजली वायर टूटा, चार मृत

तीन घायल, एक गंभीर जिला अस्पताल रेफर
अक्षरविश्व न्यूज मंडला। मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में शनिवार सुबह गणेश मंच के पंडाल में सो रहे लोगों पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। एक घायल की हालत गंभीर है, जिसे जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतकों में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल युवक का नाम प्रियांशु है।
एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के अनुसार, समिति के सदस्य सुबह करीब 4 बजे गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर लौटे थे। इसके बाद 8 युवक झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए पंडाल में ही सो गए। पंडाल पक्का बना है। बिजली का तार टूटने या शॉर्ट सर्किट से करंट फैला, इसकी बिजली कंपनी की टीम जांच कर रही है।
बैतूल : विसर्जन जुलूस देखने गई छात्रा की तबीयत बिगड़ी, मौत
परिवार का आरोप- डीजे के शोर से जान गई
बैतूल। जेएच कॉलेज में गणेश प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान शुक्रवार रात 17 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची छात्रा को चक्कर आया और वह बेहोश हो गई। परिजन और साथी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजन ने डीजे की तेज आवाज को मौत की वजह बताई है। वे डीजे संचालक और कॉलेज परिसर में डीजे बजाने की अनुमति देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
डॉक्टर बोले- कार्डियक अरेस्ट जैसी स्थिति
जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. निशांत यादव ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय छात्रा की कैरोटिड पल्स नहीं थी और वह ब्रेन स्टेट में थी। ईसीजी में फ्लैट लाइन आई। इसके बाद छात्रा को मृत घोषित किया गया। डॉक्टर के मुताबिक, शुरुआती तौर पर स्थिति कार्डियक अरेस्ट जैसी लग रही थी।









