सुसनेर नप अध्यक्ष पद भाजपा जीती

103-पंचायत पदों में मतगणना: सोनी ने पाटीदार को 960 वोटों से हराया
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल/सुसनेर/उज्जैन। मप्र में पंचायत उपचुनाव में आगर-मालवा के सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए नतीजा आ गया। यहां भाजपा के प्रदीप सोनी ने कांग्रेस के विष्णु पाटीदार को 960 वोटों से हराया। जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। समर्थकों ने प्रदीप सोनी का स्वागत किया और जेसीबी से फूल बरसाए।
29 सितंबर को प्रदेश में 104 पदों के लिए मतदान हुआ था। इनमें सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद और नलखेड़ा जनपद पंचायत के वार्ड 6 व 11 के सदस्य पद भी शामिल थे। शनिवार को 103 पंचायत पदों के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हुई। सुसनेर में भाजपा ने प्रदीप सोनी और कांग्रेस ने विष्णु पाटीदार को प्रत्याशी बनाया था। नगर परिषद के 15 वार्डों में 17 मतदान केंद्रों पर 75.96 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया था। कुल 13,843 मतदाताओं में से 10,515 ने वोट डाले थे। रतलाम जनपद की ग्राम पंचायत ईटावा माताजी में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना शनिवार को रतलाम जनपद कार्यालय में हुई। भाजपा समर्थित कुशालसिंह राठौर ने सर्वाधिक 519 वोट पाकर 98 मतों से जीत हासिल की।
सोलंकी और जैन की रणनीति ने जिताया
उज्जैन। सुसनेर नपं अध्यक्ष चुनाव में जीत की रणनीति उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने बनाई। यहां के प्रभारी बनने के बाद ही दोनों ने सुसनेर में डेरा डाल दिया था। मतदान पूरा होने तक दोनों यही डटे रहे। इस दौरान दोनों ने वार्डवार योजना बनाई और उम्मीदवार के समर्थन में मीटिंग, रैलियां और सभा की। यह नतीजे में दिखाई दी।









