मस्जिद सुरक्षित, कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए भ्रम फैला रहे : सनवर पटेल

शाही मस्जिद मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष ने किया मुआयना
भोपाल के विधायक आरिफ मसूद ने की अफसरों से बात, कांग्रेस नेताओं पर बरसे भी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण के दायरे में आ रही शाही मस्जिद की स्थिति देखने शनिवार को उज्जैन पहुंचे मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल ने कहा कि मस्जिद सुरक्षित है और कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए भ्रम फैला रहे हैं। भोपाल के विधायक आरिफ मसूद भी उज्जैन पहुंचे और अफसरों से मस्जिद मसले में बात की। मसूद ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा और शिकायत करने की धमकी दी।
पटेल दोपहर में मस्जिद का मुआयना करने पहुंचे थे। यहां चल रहे निर्माण कार्य को देखने के बाद वे मस्जिद के पूर्व सदर अरशद खान के घर पहुंचे और शोक जताया। खान का गुरुवार को ही हार्ट अटैक से निधन हुआ था। इस दिन ही मीनारा उतारते समय हाइड्रा क्रेन का बेल्ट टूटने से मस्जिद का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। तकनीकी खामी के कारण मस्जिद में हुए नुकसान का आकलन करने पटेल आए थे।
पहले से और मजबूत बनेगा क्षतिग्रस्त हिस्सा
पटेल ने कहा कि मस्जिद के क्षतिग्रस्त हिस्से को और मजबूत बनाया जाएगा। इस संबंध में नई तकनीक का प्रयोग होगा। पटेल ने मस्जिद परिसर के नीचे से ऊपर तक काम की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने शहर काजी खलीकुर्रहमान से भी घर पहुंचकर मुलाकात की और मस्जिद से जुड़े निर्माण कार्य, चौड़ीकरण और मौजूदा परिस्थिति पर चर्चा की।
कुछ लोगों ने भड़काने को ही अपना कारोबार बना रखा है
पटेल ने मीडिया से कहा कि कुछ लोग मस्जिद के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों से बचकर रहने की जरूरत है। उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन औवेसी का नाम लेते हुए कहा कि कुछ लोगों ने लोगों को भड़काने को ही अपना कारोबार बना रखा है। मुस्लिम समाज ऐसे लोगों की बातों में नहीं आए। किसी भी मामले में तथ्य ओर वास्तविक स्थिति देखकर ही प्रतिक्रिया दें।
पत्थरबाजी की घटना में किसी भी निर्दोष को आरोपी नहीं बनने दिया जाएगा। मामले में दोषियों की पहचान तथ्यों और जांच के आधार पर होगी और बेगुनाह के साथ अन्याय नहीं होगा। कानून किसी को नहीं तोडऩा चाहिए। कांग्रेस के कुछ लोग झूठ बोल देते हैं। मेरे पीछे मस्जिद खड़ी है।राजनीति के लिए कितना झूठ बोलेगो। ना मस्जिद शहीद हुई है, ना मस्जिद विस्थापित हुई है। कुछ लोगों ने इसे हथियार बना रखा है। मैं उन्हें आगाह करता हूं कि वे हमारी जनरेशन को खराब करने का काम नहीं करें।
मस्जिद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। मस्जिद पूरी तरह सुरक्षित है और किसी तरह के भ्रम में नहीं आएं।
मध्यप्रदेश सरकार समन्वय के साथ विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। वह धार्मिक स्थलों के महत्व को ध्यान में रखते हुए विकास कर रही है। सभी ने मिलकर मीनार हटाकर विकास करना तय किया। समाजहित में यह फैसला समाजजन ने लिया। दुकानें हटाकर मुस्लिम समुदाय ने यह संदेश दिया कि सिंहस्थ के लिए वह अपना योगदान देने को तैयार है।
वक्फ मामले में अपील का प्रावधान है। आपसी सहमति और समन्वय से काम हो रहा था। क्रेन से मीनारा उतारते समय हादसा हुआ। यह अफसोसजनक है। हम मस्जिद को नई तकनीक से और बेहतर बनाएंगे।
माहौल शांतिपूर्ण रहा, मुस्लिम समाज को धन्यवाद
भोपाल के विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि मस्जिद मसले में युवा गुस्से में थे और उन्होंने पथराव कर दिया। यह बड़ा मसला नहीं है। अब माहौल शांतिपूर्ण है और मुस्लिम समाज को धन्यवाद।
मसूद शनिवार को उज्जैन में थे। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर रौशनकुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने मस्जिद का मीनार गिरने के मसले की जांच की मांग की। हालांकि एक भी स्थानीय कांग्रेसी नेता उनसे मिलने नहीं पहुंचा। इस पर मसूद ने कहा कि वे इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी से करेंगे।
खड़े हनुमान तक आने का रास्ता शाम को खोला, महाआरती हुई
उज्जैन। कंठाल चौराह-छत्रीचौक चौड़ीकरण के दौरान विस्थापन को लेकर ख्यात हुए खड़े हनुमान मंदिर तक आने का रास्ता शनिवार शाम खोल दिया गया। कंठाल चौराहा से सतीगेट तक लोगों को वाहन से आने दिया गया। उसके बाद श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक भेजा गया। मंगलवार और शनिवार को मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। लेकिन करीब पांच दिन से रास्ता बंद होने से श्रद्धालु नहीं आ पा रहे थे। शाम को यहां हनुमान चालीसा पाठ कर महाआरती की गई।









