मुख्यमंत्री ने इंदौर को दी बड़ी सौगात एमवाय में पीईटी-सीटी स्कैन सेंटर शुरू

कैंसर सहित गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को जांच और इलाज में मिलेगी मदद
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के शासकीय एमवाय अस्पताल के न्यू कैंसर हॉस्पिटल ब्लॉक में अत्याधुनिक पीईटी-सीटी स्कैन सेंटर का शुभारंभ किया। यह सेंटर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत श्री अरबिंदो अस्पताल के सहयोग से स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में तेजी से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा तकनीक से गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और बेहतर उपचार संभव हो सकेगा।
पीईटी-सीटी स्कैन सेंटर शुरू होने से कैंसर सहित गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को जांच और इलाज में बड़ी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार प्रगति हो रही है। आयुष्मान भारत योजना से आम लोगों के लिए उपचार की सुविधाएं सुलभ हुई हैं। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में भी अपनी अलग पहचान रखता है।
अब चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में भी शहर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि पीईटी-सीटी जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाओं से मरीजों का समय पर निदान करने में मदद मिलेगी। इससे गंभीर बीमारियों के उपचार की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इस सेंटर का विस्तार किया जाएगा।
चार मेडिकल कॉलेजों में भी खुलेंगे सेंटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर के अलावा भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज, ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कॉलेज, जबलपुर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज और रीवा के श्याम शाह मेडिकल कॉलेज में भी इसी तरह के अत्याधुनिक सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इससे प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक जांच सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
तीन महीने में शुरू होगा रोबोटिक सर्जरी सेंटर
कार्यक्रम में श्री अरबिंदो अस्पताल के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी ने कहा कि राज्य शासन मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निजी अस्पतालों को सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि श्री अरबिंदो अस्पताल के सहयोग से आगामी तीन महीनों में एमवाय अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी सेंटर स्थापित करने की योजना है।
विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री
नवरात्रि के पावन पर्व पर इंदौर में रविवार को भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ हुई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए।









