जबलपुर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा

करंट लगने से 2 युवकों की मौत; 10 से ज्यादा झुलसे
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में प्रतिमा विसर्जन के दौरान बिजली का तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मझौली थाना क्षेत्र में बुधवार रात करीब 1 बजे हुए इस हादसे में करंट लगने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग झुलस गए। एक गंभीर घायल को वेंटिलेटर पर रखा गया है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मझौली में चक्काजाम कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
440 वोल्ट की लाइन का तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिरा
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन पाठ की प्रतिमा को विसर्जन के लिए नरीली तालाब ले जाया जा रहा था। प्रतिमा के साथ 50 से अधिक लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तालाब के पास बिजली की 440 वोल्ट लाइन का तार नीचे झूल रहा था। लोगों ने तार को ऊपर उठाने की कोशिश की, इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद बिजली का तार टूटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गिर गया और वहां मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में विकास राजपूत (22) और प्रिंस चौहान (23) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया
हादसे में मयंक राजपूत, विक्की रैकवार, मनीष राजपूत और आयुष रैकवार सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को पहले मझौली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एक घायल की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।
कार्रवाई की मांग को लेकर चक्काजाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने मझौली में चक्काजाम कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। विधायक अजय बिश्नोई ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा की है। उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मझौली स्वास्थ्य केंद्र में हादसे के समय पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं था और डॉक्टर करीब आधे घंटे बाद पहुंचे। लोगों का कहना है कि समय पर उपचार मिलने से घायलों को मदद मिल सकती थी। फिलहाल हादसे के कारणों और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच की मांग की जा रही है।








