श्रद्धालु की महाकालेश्वर दर्शन के बाद मौत

बड़ा गणेश मंदिर के सामने आकर बोला था चक्कर आ रहे हैं

उज्जैन। लंबे समय से मन में कामना थी कि भगवान महाकाल के दर्शन करें, वह पत्नी और रिश्तेदारों के साथ दर्शन करने उज्जैन आया। सुबह भगवान के अच्छे से दर्शन हो गए। कामना पूरी होने के बाद वह खुशी-खुशी मंदिर के बाहर निकला और बड़ा गणेश के सामने पहुंचा जहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही सेकंड में उसने दम तोड़ दिया।
रायपुर निवासी 55 वर्षीय बाबूलाल पिता बैजनाथ देवांगन गुरूवार रात 9 बजे ट्रेन से पत्नी बसंती व रिश्तेदारों के साथ उज्जैन आया था। रात में सभी लोग होटल में ठहरे और सुबह महाकालेश्वर मंदिर दर्शनों के लिए पहुंच गए। सभी लोगों ने लाइन में लगकर भगवान महाकाल के दर्शन किए और बातचीत करते हुए मंदिर के निर्गम द्वार से बड़ा गणेश मंदिर की तरफ पहुंचे। यहां बाबूलाल देवांगन ने चक्कर आने, घबराहट की शिकायत साथ चल रहे साडू के बेटे नीलमणि से की। वह अचानक जमीन पर लेट गए। साथ के लोग घबराए और आसपास के लोगों से मदद मांगी। मंदिर समिति की एम्बुलेंस से बाबूलाल को चरक अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीएम को लेकर असमंजस में परिजन
नीलमणी ने बताया कि बाबूलाल देवांगन टेलरिंग का काम करते थे। उनके 3 बच्चे हैं। हम कुल 10 लोग उज्जैन दर्शनों के लिए आए थे और ये घटना हो गई। डॉक्टर कह रहे हैं शव का पीएम होगा। ऐसे में शव को रायपुर तक कैसे लेकर जाएंगे। हम लोग पीएम नहीं कराना चाहते इसके लिए डॉक्टर व पुलिस से निवेदन कर रहे हैं।








