Advertisement

फोटोग्राफी के नाम पर 10.25 लाख के कैमरे हड़पने वाला जालसाज गिरफ्तार

शादी-ब्याह में बुकिंग का झांसा देकर मांगे थे कैमरे पुलिस ने घेराबंदी कर पांड्याखेड़ी ब्रिज के नीचे दबोचा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe

Advertisement

उज्जैन। शादियों के सीजन में फोटोग्राफरों को झांसा देकर उनके महंगे कैमरे हड़पने वाले एक शातिर जालसाज को माधवनगर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.25 लाख रुपये कीमत के हाई-टेक कैमरे और लेंस बरामद किए हैं। आरोपी ने दोस्ती का फायदा उठाकर भरोसे में लिया और फिर कैमरे लेकर गायब हो गया था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम भैंसौदा निवासी कृपाल सोलंकी ने थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी कृपाल, जो पेशे से फोटोग्राफर है, ने बताया कि अवन्तीपुरा निवासी रजत बड़वाया ने 1 मार्च को एक इवेंट का हवाला देकर उससे तीन कीमती कैमरे मांगे थे। रजत ने वादा किया था कि वह दो दिन में कैमरे लौटा देगा, लेकिन समय बीतने के बाद वह बहाने बनाने लगा। बाद में पता चला कि उसने ये कैमरे आगे अन्य लोगों को ठिकाने लगा दिए हैं।

Advertisement

थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इंदौर और देवास के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। 21 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रजत पांड्याखेड़ी ब्रिज के नीचे काले रंग का बैग लेकर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की, तो आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे धर दबोचा। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से चोरी किए गए सभी कीमती कैमरे और एक्सेसरीज बरामद हो गईं।

कोर्ट ने भेजा जेल, अन्य पीडि़तों की तलाश जारी

Advertisement

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने शहर के अन्य फोटोग्राफरों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है, जिसके संबंध में विवेचना जारी है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी राकेश भारती, उप निरीक्षक सालगराम चौहान, आरती डावर, प्रधान आरक्षक रवि शर्मा और आरक्षक संजय व सुभाष की मुख्य भूमिका रही।

10.25 लाख के कैमरे व लैंस बरामद

  • सोनी एम 4 कैमरा व लेंस- कीमत 2.75 लाख
  • कैनन आर 6 कैमरा व लेंस- कीमत 2.50 लाख
  • कैनन आर कैमरा व लेंस- कीमत 2.50 लाख
  • कैनन 4 कैमरा व लेंस- कीमत 2.00 लाख
  • चार्जर व अन्य एक्सेसरीज: कीमत 50 हजार रुपए

Related Articles

Write a review