नवरात्रि पर लाड़ली बहनों को दी सौगात, खाते में आए 1500 रुपए

सीएम गुरुवाही में लाड़ली बहना सम्मेलन में हुए शामिल
अक्षरविश्व न्यूज उमरिया। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों को नवरात्रि के अवसर पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी। बुधवार को उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही गांव में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में योजना की 41वीं किस्त के रूप में 1834 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सिंगल क्लिक से बहनों के बैंक खातों में अंतरित की गई। इसके साथ ही गैस सिलेंडर रिफिल अनुदान के लिए 115 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दे रही है। योजना की शुरुआत से अब तक 65 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है। सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। महिला कल्याण के लिए राज्य सरकार ने 47 हजार करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 23 लाख से अधिक महिलाओं को गैस रिफिल अनुदान के लिए 115 करोड़ रुपए से अधिक की राशि दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और गरीब परिवारों के जीवन में खुशियां लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में होमस्टे को बढ़ावा देने के साथ वन्यजीवों के संरक्षण और हवाई सेवाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। प्रदेश में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सांदीपनि विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के लिए बस सुविधा, साइकिलें, नि:शुल्क किताबें और गणवेश भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीब परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है।









