पुराने थाने से निकल रहा नया रास्ता

ऊंचा टीला काटकर बनाई जा रही सड़क, महाराजवाड़ा से जुड़ेगा कहारवाड़ी
सावन 10 दिन शेष
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर आने के लिए कहारवाड़ी से महाराजवाड़ा की ओर एक सुगम रास्ता तैयार किया जा रहा है। इन दिनों तेजी से इसका काम चल रहा है, ताकि सावन के दौरान यहां से दर्शनार्थियों का आना-जाना हो सके। हालांकि मार्ग पूरा होने में अभी ओर वक्त लगेगा।
महाकाल क्षेत्र में यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए होटल हेरिटेज (महाराजवाड़ा) के पास, पुराने महाकाल थाने के समीप एक नया मार्ग तैयार किया जा रहा है। इस नए रास्ते के बनने से पूरे क्षेत्र में वाहनों और पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। यह रास्ता ऊंचा टीला काटकर बनाया गया है। पहाड़ीनुमा टीला को काटने में बड़ी मशीनों का उपयोग किया गया है। चौड़ीकरण और निर्माण में बाधा बन रहे पुराने ढांचों को हटा दिया गया है। पहले इस रोड पर एक प्राचीन द्वार था और सीढिय़ों के जरिए कहारवाड़ी की ओर पहुंचा जाता था। इस प्राचीन मार्ग को सुरक्षित रखते हुए नए का निर्माण किया गया है। फिलहाल सड़क का बेस (धरातल) तैयार करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
सवारी मार्ग की पहली डेडलाइन फेल, 20 जुलाई तक पूरा नहीं हो सका रामघाट मार्ग
सावन 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। 3 अगस्त को भगवान महाकाल की पहली सवारी निकलेगी। सवारी मार्ग का प्रमुख हिस्सा रामघाट मार्ग खुदा पड़ा है। यहां सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। संभागायुक्त, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त ने अलग-अलग स्तर पर हर हाल में 20 जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए थे। लेकिन, सोमवार को समय सीमा बीतने के बाद भी हरसिद्धि पाल से रामघाट तक का प्रमुख मार्ग अधूरा है। 25 जून को समीक्षा बैठक में संभाग आयुक्त आशीष सिंह , 4 जुलाई को मौका मुआयना के वक्त कलेक्टर रौशनकुमार सिंह और 15 जुलाई को निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने 20 जुलाई डेडलाइन तय की थी।
जमीनी हकीकत : गंदगी और बदबू का माहौल, पैदल निकलना भी मुश्किल
सोमवार को हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ फैला था। गंदगी और बदबूदार माहौल का आलम है। यहां से पैदल गुजरना भी मुश्किल है। सवारी निकालने की स्थिति तो दूर की बात है। हालांकि अभी भी प्रशासन के पास तकरीबन 8 दिन और हैं। इन 8 दिनो में बारिश ने साथ दे दिया तो सड़क बनकर तैयार हो सकती है अन्यथा सवारी के लिए वैकल्पिक रास्ता खोजना पड़ेगा।









