बस में बैठकर इंदौर जा रहे यात्री ने सीट पर ही तोड़ दिया दम

रेलवे स्टेशन से बैठे थे आधार कार्ड से पहचान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। रेलवे स्टेशन से इंदौर जाने के लिए बस में बैठे व्यक्ति की सीट पर बैठे-बैठे मौत हो गई। नानाखेड़ा बस स्टैंड पर यात्रियों ने इसकी जानकारी ड्राइवर को दी। पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया है।
पुलिस ने बताया कि रायल ट्रेवल्स की अमरदीप बस क्रमांक एमपी 13 पी 7385 में रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति इंदौर जाने के लिए बैठा था। बस नानाखेड़ा पर रुकी। यात्रियों ने ड्रायवर को बताया कि सीट पर बैठे व्यक्ति ने घबराहट की बात कही और बेहोश हो गया। यात्रियों ने उसे पानी देने का भी प्रयास किया था।
ड्राइवर ने नानाखेड़ा थाने पर इसकी सूचना दी। पुलिस ने यहां पहुंचकर शव को जिला चिकित्सालय पहुंचाया और सामान थाने ले आए। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान चांदमल कुमावत पिता मूलचंद निवासी वैशाली नगर जयपुर के रूप में हुई है। उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि चांदमल की मौत संभवत: हार्ट अटैक से हुई है।









