फर्श के नीचे सिर्फ चूरी… सीमेंट गायब

पौने तीन करोड़ का फाजलपुरा मछली मार्केट शुरू होते ही खस्ताहाल

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नगर निगम का एक और कारनामा फाजलपुरा (नगरकोट माता मंदिर के पास) स्थित नए मछली मार्केट के रूप में सामने आया है। करीब पौने तीन करोड़ रुपये की लागत से यह मार्केट चाल साल पहले बना था, हालांकि यहां की दुकानें पिछले महीने ही लोगों को सुपुर्द की गई हैं। इसी बीच लापरवाही की यह तस्वीर सामने आ गई। यहां के हालत ऐसे हैं माना यह भवन दशक पुराना हो। निर्माण की गुणवत्ता का आलम यह है कि फर्श को हाथ से उठाने पर नीचे सिर्फ चूरी और रेती दिखाई दे रही है—सीमेंट मानो पूरी तरह गायब है।
8.50 लाख की दुकान पर खरीदार नदारद
नगर निगम ने वर्ष 2021-22 में इस मार्केट का संचालन शुरू किया था। इसमें दो तलों पर दुकानें बनाई गई हैं। जिसमें भूतल पर 12 दुकानें और प्रथम तल पर 20 से अधिक दुकानें हैं। प्रत्येक दुकान की कीमत 8.50 लाख रुपये तय की गई है। भारी भरकम लागत के कारण व्यापारी इन दुकानों को खरीदने से कतरा रहे हैं।
आलम यह है कि कई दुकानें आज भी खाली पड़ी हैं और जो बिकी हैं, उनके खरीदार भी अब निर्माण की हालत देखकर पछता रहे हैं।
हाथ से उखड़ रहा फर्श असामाजिक तत्वों का डेरा
घटिया निर्माण- फर्श कई स्थानों से चटक गया है। टाइल्स या पत्थर के नीचे मजबूती के लिए जरूरी सीमेंट का मिश्रण सिरे से नदारद है।
टूट-फूट- ऊपरी तल की दुकानों में बड़े पैमाने पर तोड़-फोड़ हो चुकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।
सिर्फ चूरी का सहारा- फर्श उखडऩे पर नीचे केवल चूरी (पत्थर का चूरा) बिछा हुआ मिला है। जानकारों का कहना है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से यहां सीमेंट का उपयोग ही नहीं किया।
शिल्पज्ञ विभाग को बताएंगे
मामला शिल्पज्ञ विभाग का है उन्हें बताया जा रहा है। ठेकेदार ने गलत काम किया है तो कार्रवाई होगी।
-संजेश गुप्ता, उपायुक्त नगर निगम









