Popup Image
Advertisement

सावन से देव प्रबोधनी एकादशी तक बहेगी जैन समाज में धर्मगंगा

जैन समाज में संतों के चातुर्मास की तैयारी पूर्ण

Advertisement

जुलाई अंत तक उज्जैन आ जाएंगे सभी संत और साधु-साध्वीजन

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। जैन समाज में चातुर्मास की तैयारी शुरू हो गई है। आषाढ़ पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) से चातुर्मास प्रारंभ होंगे और देव प्रबोधनी एकादशी तक चलेंगे। चातुर्मास के दौरान संत और साधु-साध्वी एक स्थान पर विराजित होकर धर्म की गंगा बहाएंगे। दिगंबर जैन श्वेतांबर जैन समाज ने चातुर्मास की तैयारी शुरू कर दी है। मंदिरों, उपाश्रयों एवं स्थानकों में श्वेतांबर, स्थानकवासी और दिगंबर परंपरा के आचार्य, मुनि एवं साध्वी मंडलों का मंगल प्रवेश होगा। संत-साध्वी भगवंतों के आगमन के साथ ही चार माह तक शहर का वातावरण तप, त्याग, स्वाध्याय, प्रवचन और आराधना से धर्ममय रहेगा।

Advertisement

दिगंबर जैन समाज के जीवंधर जैन ने बताया पट्टाचार्यश्री विशुद्धसागरजी के शिष्य मुनिश्री प्रणीतसागरजी ससंघ लक्ष्मीनगर कॉलोनी स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चातुर्मास करेंगे। उनके साथ क्षुल्लकश्री विधेय सागरजी भी रहेंगे। इनका मंगल प्रवेश रविवार सुबह 8 बजे श्रीपंचायती मंदिर फ्रीगंज में होगा। यहां से शोभायात्रा निकलेगी जो शहीद पार्क, सांदीपनि चौराहा होती हुई लक्ष्मी नगर पहुंचेगी। शोभायात्रा मार्ग को स्वागत द्वार से सजाया जाएगा और पाद प्रक्षालन कर अगवानी की जाएगी। शांतिनाथ मंदिर में धर्मसभा होगी और मुनिश्री जीवन का सार समझाएंगे। मुनिसंघ की आहार क्रिया भी यहीं होगी। जैन ने समाजजनों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।

मंगल प्रवेश की तिथि अभी घोषित नहीं हुई
श्री केसरियानाथ मणिभद्र यक्षराज तीर्थधाम, भैरवगढ़ में पूज्य मैत्रीदर्शनाश्रीजी महाराज साहिबा का चातुर्मास भी निश्चित हो गया है। हालांकि उनके मंगल प्रवेश की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। तिथि घोषित होने पर श्रीसंघ जानकारी देगा।

Advertisement

चातुर्मास कब और कहां

12 जुलाई – श्री शांतिनाथ जिनालय, लक्ष्मी नगर

15 जुलाई- बड़ा उपाश्रय, खाराकुआं

15 जुलाई- श्री नागेश्वर पाश्र्वनाथ जैन मंदिर, अरविंद नग

17 जुलाई- श्री चंदाप्रभु उपाश्रय, नयापुरा

19 जुलाई- वर्धमान स्थानकवासी संघ, महावीर भवन, नमक मंडी

26 जुलाई- श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, नयापुरा

26 जुलाई – श्री ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी, खाराकुआं

27 जुलाई – श्री राजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर, नमक मंडी

श्री केसरियानाथ मणिभद्र यक्षराज तीर्थधाम, भैरवगढ़ – प्रवेश तिथि घोषित होना शेष है।

श्वेतांबर जैन समाज के प्रमुख संत और साध्वियां भी आएंगे

श्वेतांबर जैन समाज के राहुल कटारिया ने बताया चौमुखा जिनालय, सुभाष नगर में पूज्य साध्वीवर्याश्री शशिप्रभाश्रीजी की शिष्या पूज्य साध्वीवर्याश्री चारुधर्माश्रीजी महाराज साहिबा आदि ठाणा का चातुर्मास प्रवेश हो चुका है।

15 जुलाई को चातुर्मास के लिए शहर में एक साथ कई प्रमुख संतो के मंगल प्रवेश होंगे। श्रीआदिश्वर भगवान की पेढ़ी, श्रीविजय हीरसूरीश्वरजी बड़ा उपाश्रय, खाराकुआं में आचार्य श्रीमद् विजय हिमाचल सूरिश्वरजी महाराज और आचार्य रविशेखर सूरीश्वरजी महाराज की आज्ञानुवर्तिनी साध्वीश्री उद्योतश्रीजी की शिष्या-प्रशिष्या साध्वीश्री उपेन्द्रयशाश्रीजी , श्रीसुहितरत्नाश्रीजी, श्रीसुरभिरत्नाश्रीजी एवं श्रीसुप्रितरत्नाश्रीजी आदि ठाणा का मंगल प्रवेश 15 जुलाई को सुबह 8:30 बजे पाश्र्वनाथ परिसर, सूरज नगर स्थित खिमसरिया परिवार के निवास पर होगा। इसी दिन श्री नागेश्वर पाश्र्वनाथ जैन श्वेताम्बर ट्रस्ट मंडल एवं श्री संघ, अरविंद नगर में आचार्य विजय पद्मभूषणसूरीश्वरजी आदि ठाणा का चातुर्मास प्रवेश होगा। चल समारोह मनोहरलाल जैन (मावा वाला) परिवार के तुलसी नगर स्थित निवास से सुबह 8:30 बजे निकलेगा।

17 जुलाई को श्री आदेश्वर चंदाप्रभु चतुर्विध श्रीसंघ, नयापुरा में साध्वी तारणरत्नाश्रीजी आदि ठाणा-2 का चातुर्मास प्रवेश होगा। मंगल प्रवेश चल समारोह सुबह ज्ञानचंद कोचर के निवास से प्रारंभ होकर श्री चंदाप्रभु उपाश्रय पहुंचेगा।

19 जुलाई को वर्धमान स्थानकवासी सावन संघ, महावीर भवन, नमक मंडी में पारसमुनिजी महाराज आदि ठाणा-5 का मंगल प्रवेश सुबह 9 बजे क्षीरसागर से शोभायात्रा के साथ होगा।

26 जुलाई को शहर में दो प्रमुख चातुर्मास प्रवेश होंगे। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, नयापुरा में संथारा साधक प्रवर्तक गुरुदेव प्रतापकुल कमल रमेशमुनिजी महाराज के शिष्य विजयमुनिजी, चन्द्रेशमुनिजी, अरिहंत मुनिजी और जिनेन्द्र मुनिजी आदि ठाणा का चातुर्मास मंगल प्रवेश सुबह 8:30 बजे शोभायात्रा के साथ होगा। इसी दिन श्री ऋषभदेव छगनीराम पेढ़ी, खाराकुआं जैन मंदिर में साध्वी दिव्ययशाश्रीजी, साध्वी दिव्यदर्शाश्रीजी एवं साध्वी दिव्यनेहाश्रीजी आदि ठाणा का चातुर्मास प्रवेश श्री शीतलनाथ जैन कांच मंदिर से सुबह 8:30 बजे होगा।

श्रीराजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर, नमक मंडी में पूज्य रिद्धी निधिजी महाराज साहिबा आदि ठाणा-6 का चातुर्मास मंगल प्रवेश 27 जुलाई को होगा। वीडी क्लॉथ मार्केट से मंगल प्रवेश शोभायात्रा प्रारंभ होगी और श्रीराजेंद्र सूरी जैन ज्ञान मंदिर पहुंचेगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें