माता टेकरी पर पहले दिन आस्था का सैलाब, मेडिकल कैंप में डॉक्टर नदारद

चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी, सीसीटीवी कैमरों से हो रही पूरे क्षेत्र की निगरानी, घबराहट होने पर बालिकाओं को लेकर पहुंचे परिजन तब कैंप में मिली सिर्फ एंबुलेंस, सुबह 7.50 बजे तक नहीं पहुंची थी स्वास्थ्य विभाग की टीम
अक्षरविश्व न्यूज देवास। माता टेकरी पर नवरात्रि के पहले दिन आस्था का सैलाब उमड़ा, लेकिन व्यवस्थाओं की हकीकत भी सामने आ गई। एक ओर प्रशासन ने सुगम दर्शन के लिए 100 से अधिक वॉलंटियर्स, 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के इंतजाम किए, वहीं दूसरी ओर मेडिकल कैंप में सुबह 7.50 बजे तक डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंचे। घबराहट होने पर बालिकाओं को लेकर पहुंचे परिजन को मौके पर सिर्फ एंबुलेंस मिली। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़े इंतजामों के दावों के बीच स्वास्थ्य सुविधा की यह चूक पहले ही दिन सवाल खड़े कर गई।
टेकरी प्रभारी एवं नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से मेडिकल टीम की ड्यूटी लगाने के लिए कहा गया था। मौके पर टीम क्यों नहीं पहुंची और उस समय क्या स्थिति थी, इसकी जानकारी ली जाएगी। स्वास्थ्य व्यवस्था में कमी के बीच माता टेकरी पर सुबह से ही आस्था का सैलाब उमड़ता रहा। सूचना मिलने के बाद करीब 10 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। सुबह 7 बजे के बाद भीड़ बढऩे लगी और बड़ी माता मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर कतारें लग गईं।
बैरिकेडिंग के बीच श्रद्धालुओं को रुक-रुककर आगे बढऩा पड़ा। दर्शन के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कई श्रद्धालु घुटनों के बल चलकर दरबार तक पहुंचे, जबकि कुछ अभिभावक बच्चों को कंधों पर बैठाकर दर्शन कराने लाए। सुबह की आरती में विधायक गायत्री राजे पवार भी शामिल हुईं। दोपहर में कुछ देर के लिए भीड़ कम रही, लेकिन शाम होते ही माता टेकरी पर श्रद्धालुुओं की भीड़ बढ़ गई। शाम को निर्धारित समय पर दोनों माताओं की आरती हुई उसके बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
कलेक्टर ने किया निरीक्षण, सुगम दर्शन के निर्देश
नवरात्रि के पहले दिन कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सपत्निक माता तुलजा भवानी एवं माता चामुंडा की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने टेकरी परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों को दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने ड्यूटी पर तैनात बल को ब्रीफ कर सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। तीन शिफ्टों में 24 घंटे पुलिस व्यवस्था रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके लिए तीन अलग-अलग कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पुलिस का फोकस दर्शन व्यवस्था सुचारू रखने, आवागमन नियंत्रित करने और जरूरत पडऩे पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर रहेगा।
माता चामुंडा सेवा समिति के महाप्रसादी पंडाल का शुभारंभ
देवास। नवरात्रि में माता टेकरी आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए रपट मार्ग स्थित सत्संग हॉल में मां चामुंडा सेवा समिति के निशुल्क महाप्रसादी पंडाल का शुभारंभ संतों, विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर गीता अग्रवाल, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। संतों के सानिध्य में पूजा-अर्चना, कन्या पूजन, महायज्ञ और घट स्थापना के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। समिति संयोजक रामेश्वर जलोदिया ने बताया कि 42 वर्षों से संचालित यह सेवा पंडाल नवरात्रि के नौ दिनों तक 24 घंटे श्रद्धालुओं को निशुल्क महाप्रसादी उपलब्ध कराएगा। इस दौरान अतिथियों और संतों का सम्मान भी किया गया।









