होली पर हादसा…महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लगी आग, 13 झुलसे, 5 को इंदौर रेफर किया

By AV News 3

एक दर्जन पण्डे, पुजारी और सेवक भी चपेट में आए

अक्षरविश्व प्रतिनिधि. उज्जैन:होली पर्व पर आज सुबह महाकाल मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। गर्भगृह में लगी आग अचानक भभक उठी, जिसमें 13 लोग झुलस गए। एक दर्जन पण्डे, पुजारी और सेवक भी चपेट में आए हैं। 5 लोगों को इंदौर रेफर किया है। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बताया सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

रोज सुबह होने वाली भस्मारती में आज सुबह होली का अपार उत्साह था। बड़ी संख्या में दर्शनार्थी इस खास दिन भगवान महाकाल की भस्मारती में शामिल होने पहुंचे थे।

भगवान के साथ भक्त होली खेलने पहुंचे थे। इसके लिए भीड़ उमड़ पड़ी और रंग और गुलाल उड़ाने की होड़ मच गई। इसी दौरान आग भभक उठी। बताया जा रहा है गुलाल के कारण आग भभकी और देखते ही देखते गर्भगृह में फेल गई।

मुख्य पुजारी परिवार के पुजारी संजय गुरु, विकास पुजारी, मनोज पुजारी, पुजारी शिवम, पुजारी आनंद पांडे, पुजारी मनोज शर्मा,। अंश पुरोहित, सेवक महेश शर्मा, कमल जोशी, मंगल और चिंतामन गेहलोत आदि घायल हो गए।

कलेक्टर ने सिंह ने बताया हमारी पहली प्राथमिकता सभी का उपचार कराना है। उन्होंने भी प्रारंभिक तौर पर गुलाल के कारण आग लगने की पुष्टि की है।

कलेक्‍टर ने दिए जांच के आदेश

एक सेवक ने बताया कि आरती के दौरान किसी पुजारी पर गुलाल डाल दिया गया। यह गुलाल दीपक पर गिरा और आग भभक गई। आशंका जताई जा रही है कि केमिकल युक्‍त गुलाल से आग लग गई। मंदिर में रंग और गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को सुरक्षित करने के लिए कुछ फ्लैक्‍स भी लगाए गए हैं। वे भी आग की चपेट में आ गए। आग पर बाद में काबू पा लिया गया। कलेक्‍टर नीरज सिंह के अनुसार मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इसके लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।

Share This Article