भस्म आरती में शामिल हुई अभिनेत्री रुपाली कहा-जो कुछ हूं बाबा का आशीर्वाद से हुआ

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अभिनेत्री और अनुपमा फेम रूपाली गांगुली ने गुरुवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुँची और भस्म आरती में शामिल हुई। उन्होंने नंदी हॉल से भगवान महाकाल और भस्मआरती के दर्शन किए।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, मैं आज जो कुछ भी हूँ, वह केवल और केवल बाबा महाकाल की असीम कृपा से हूँ। जब भी मेरा मन विचलित या अशांत होता है, मैं बाबा के दरबार में खिंची चली आती हूँ। भस्म आरती का जो आलौकिक अनुभव यहाँ मिलता है, उसे शब्दों में पिरोना असंभव है। रूपाली गांगुली ने बताया कि वे सबसे पहले वर्ष 2020 में महाकाल मंदिर आई थीं। उस पहली यात्रा के बाद से ही उनके मन में बाबा के प्रति अटूट श्रद्धा जग गई। अब वे हर दो महीने में उज्जैन आकर दर्शन करने का प्रयास करती हैं। इससे पहले वे जनवरी 2024, जनवरी 2025 और करीब चार महीने पूर्व भी यहाँ आ चुकी हैं।
अनुपमा से मिली घर-घर में पहचान: कोलकाता में जन्मीं रूपाली गांगुली के पिता अनिल गांगुली हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने बचपन से ही अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। वैसे तो उन्हें साराभाई वर्सेस साराभाई में मोनिशा के किरदार से काफी लोकप्रियता मिली, लेकिन स्टार प्लस के धारावाहिक अनुपमा ने उन्हें घर-घर में एक विशेष पहचान और अपार प्यार दिलाया है।









