100 साल बाद पितृ पक्ष के पहले दिन ब्लड मून का साया

दुर्लभ संयोग: सूतक लगने से पहले ब्राह्मणों को कराना होगा भोजन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस बार पितृपक्ष (7 सितंबर से 21 सितंबर) में दुर्लभ संयोग बन रहा है। पहले दिन 7 सितंबर को पूर्ण चंद्रगहण होगा, जिसे खगोल की भाषा में ब्लड मून कहा जाता है, जिससे रात में चंद्रमा तांबे जैसा लाल दिखाई देगा। ग्रहण का सूतक दोपहर करीब 1 बजे लगने के कारण श्राद्ध का ब्राह्मण भोज इससे पहले ही कराना होगा। पितृ पक्ष के समापन पर सूर्यग्रहण होगा, लेकिन यह भारत में दिखाई नहीं देगा, लेकिन ज्योतिषीय महत्व मान्य होगा।
सदियों बाद ऐसा संयोग होने जा रहा है, जब पितृपक्ष में ब्राह्मणों को भोजन दोपहर 1 बजे से पहले कराना होगा। पं. भरत तिवारी के अनुसार उज्जैन में चंद्र 7 सितंबर की रात 9.56 से स्पर्श करेगा लेकिन सूतक काल इससे 9 घंटे पहले दोपहर 12.56 से आरंभ हो जाएगा। सूतक काल में ब्राह्मण भोज वर्जित माना गया है। इस कारण पितृ पक्ष के पहले दिन ब्राह्मण भोज जल्दी कराने की रहेगी। उज्जैन में अंकपात स्थित गयाकोठा मंदिर पर तर्पण और श्राद्ध का महत्व गया जी के समान माना गया है। इस कारण देशभर से श्राद्ध कर्म कराने आने वालों की संख्या भी ज्यादा होने की संभावना है। इससे तर्पण और पिंडदान के लिए जल्दबाजी की स्थिति रहेगी। पंडितों के अनुसार कई लोग अभी से बुकिंग करा रहे हैं, क्योंकि गयाकोठा तीर्थ पर जगह की समस्या हो सकती है। इस बार समय की कमी के कारण यह स्थिति बनने की संभावना है।
ज्योतिषी पंडित अमर डब्बावाला के अनुसार दोपहर एक बजे से पहले ही श्राद्ध कर्म पूर्ण कर ब्राह्मण भोज कराना होगा। इसके बाद ब्राह्मणों को सूखा अन्नदान (सीदा) ही दिया जा सकेगा। डब्बावाला के अनुसार दशकों बाद यह दुर्लभ संयोग बना है जब पितृपक्ष में चंद्रगहण का संयोग बना है। पितृपक्ष के समापन पर 21 सितंबर को सूर्यग्रहण भारत में दृश्य नहीं होगा, लेकिन इसका ज्योतिषीय महत्व माना जाएगा। इधर जीवाजी वेधशाला में रात के समय दुर्लभ ब्लड मून का दृश्य खगोलप्रेमियों को दिखाने की तैयारी की जा रही है। अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया इस बार का चंद्रग्रहण दर्शनीय रहेगा।
चंद्रग्रहण एक नजर
आरंभ समय 9:56:08 बजे से
मध्य समय 11:41:08 बजे
अंत समय 1:26:08 बजे
ग्रहण प्रतिशत 136.08
भारत के अलावा अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, ऑस्ट्रेलिया, एशिया, हिंद महासागर और यूरोप में दिखाई देगा।









