30 घंटे बाद मिला युवक का शव, स्टॉपडेम में डूबा था

नानी के 10वें के कार्यक्रम में राजस्थान से आया था युवक, लूनी नदी में नहाते समय हुआ हादसा
रतलाम। आलोट में लूनी नदी के स्टॉपडेम में डूबे 20 वर्षीय युवक का शव करीब 30 घंटे बाद शुक्रवार शाम बरामद किया गया। युवक अपनी नानी के निधन के बाद 10वें के घाटाकर्म कार्यक्रम में शामिल होने राजस्थान से आलोट आया था। क्रियाकर्म के बाद परिजन के साथ नदी में नहाने के दौरान वह डूब गया था।
मृतक की पहचान करण प्रजापत निवासी ग्राम चायडा, जिला झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई है। वह आलोट के ग्राम बर्डिया राठौर में अपनी नानी के निधन पर आयोजित 10वें के कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
दूसरी डूबकी लगाने के दौरान डूबा
गुरुवार को क्रियाकर्म पूरा होने के बाद परिवार के सदस्य लूनी नदी पर बने स्टॉपडेम में नहाने गए थे। इसी दौरान करण भी पानी में उतर गया। उसने पहले एक डुबकी लगाई। इसके बाद दूसरी डुबकी लगाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया।
परिजनों ने उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद आलोट थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीईआरएफ की टीम के साथ स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश शुरू की।
20 फीट गहराई में मिला शव
गुरुवार देर रात तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। शुक्रवार को भी एसडीईआरएफ की टीम ने अभियान जारी रखा। शाम करीब 4:30 बजे टीम ने युवक का शव पानी से बाहर निकाला।
बताया गया कि जिस स्थान पर युवक डूबा था, वहां नदी में करीब 20 फीट गहराई थी। टीम ने उपकरण की मदद से शव को बाहर निकाला। शव बरामद होने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए आलोट स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।









