इंदौर-मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में उज्जैन से रतलाम तक युवती-युवकों में मारपीट

मोबाइल में वीडियो की आवाज कम करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर से मुंबई सेंट्रल की ओर जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन के ए-3 कोच में मंगलवार शाम एक युवती और कुछ युवकों के बीच मारपीट की घटना का मामला सामने आया है। मोबाइल के वीडियो की आवाज कम करने की बात पर यह विवाद हुआ था। घटना बढऩे पर दोनों पक्षों को रतलाम स्टेशन पर आरपीएफ ने ट्रेन से उतारा। उज्जैन जीआरपी में दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
वीरेन पिता भीमसिंह (41) निवासी वेस्ट मुंबई अपने मित्र जिगनेश पिता उमेद कुमार (46) के साथ उज्जैन दर्शन करने आया था। देवदर्शन के बाद दोनों मंगलवार शाम इंदौर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के कोच ए-3 में मुंबई के लिये यात्रा कर रहे थे। शाम करीब 6.25 बजे ट्रेन उज्जैन स्टेशन से रवाना हुई। इसी कोच की साइड बर्थ पर बैठी एक युवती तेज आवाज में मोबाइल में वीडियो देख रही थी। इन्होंने आवाज कम करने का कहा तो युवती विवाद करने लगी। कुछ दूर ट्रेन चलने के बाद दो अन्य युवकों से सीट पर बैठने की बात पर युवती का विवाद हुआ।
युवती ने चप्पल निकालकर पीटा
रतलाम की ओर बढ़ रही ट्रेन में वीरेन, जिगनेश और दो अन्य युवकों का युवती से विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर युवती ने चप्पल निकालकर वीरेन को पीटना शुरू कर दिया। जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा। अन्य यात्रियों ने बीचबचाव किया। इसी दौरान युवती ने अपने दोस्तों की मदद से रेलवे के टोल फ्री नंबर 139 पर विवाद की सूचना दी। जिस पर रतलाम मेें आरपीएफ ने दोनों को ट्रेन से उतार लिया और दोनों पक्षों को जीआरपी उज्जैन के लिए दूसरी ट्रेन से भेजा।
जीआरपी में महिला एसआई नहीं, माधवनगर से बुलाया
जीआरपी एसआई विजेन्द्र कुशवाह ने बताया कि दोनों पक्ष रात में ही थाने पहुंच गये थे। महिला संबंधी अपराध में महिला सब इंस्पेक्टर ही प्रकरण दर्ज करती हैं। जीआरपी में महिला एसआई नहीं होने के कारण माधव नगर थाने से बुलाया गया है। युवती की रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सूरत में नौकरी करती है युवती
युवती इंदौर से सूरत के लिए यात्रा कर रही थी। वह मूलत: सिंगरौली की रहने वाली है और सूरत में जोमेटो कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर है। वह अकेली सूरत के लिए ट्रेन में यात्रा कर रही थी। घटना में घायल वीरेन ने बताया कि वो प्रिंटर कॉर्टेज रिफिलिंग का काम करता है।
सब्जी मंडी में दो पक्षों के बीच मारपीट
उज्जैन। खाराकुआं थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने बताया कि सोनू खान पिता सुबराती उर्फ बाबू खां निवासी दानीगेट का रेहान उर्फ रियान खान पिता इम्तियाज खान उर्फ राजा लाला निवासी भार्गव मार्ग से मोबाइल पर बात करने को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्षों के बीच पाइप से मारपीट हुई, जिसमें अयान खान पिता अनवर खान निवासी दानीगेट घायल हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर घायल अयान को अस्पताल में भर्ती कराया।









