Advertisement

बिन बुलाए मेहमानों से रहें सावधान

विवाह समारोह में चोरों की चहलकदमी के बाद आयोजकों को पुलिस की समझाइश

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मंगलनाथ स्थित एक गार्डन में चोरी की वारदात के बाद पुलिस अब आयोजकों को समझाइश का पाठ पढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाह समारोह की खुशियों को बिन बुलाए मेहमानों की नजर ना लगे, इसके सावधानी के साथ सतर्कता जरूरी है। इसके अलावा पुलिस भी विवाह स्थलों पर सतत पेट्रोलिंग कर निगरानी रख रही है लेकिन इसमें आयोजकों का सहयोग भी जरूरी है।

दरअसल, इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। होटल और मैरिज गार्डन्स में विवाह समारोह की भरमार है। शादी के इस सीजन में अनवांटेड गेस्ट भी एक्टिव हो गए हैं। इसमें बच्चों का सहारा भी लिया जा रहा है। अच्छे कपड़े पहले यह शादियों में एंट्री करते ही हाथ की सफाई में जुट जाते हैं। इनकी नजर नकदी और कीमती सामान जैसे आभूषणों पर होती है। दूल्हा-दुल्हन को मिलने वाले कीमती गिफ्ट्स पर यह हाथ साफ करते हैं।

Advertisement

इसी तरह का मामला 1 नवंबर को सामने आया था जब मंगलनाथ रोड स्थित तिरुपति गार्डन में जीवाजीगंज क्षेत्र की रहने वाली बबीता पति कमल जूनवाल की बेटी प्रिया के रिसेप्शन में नाबालिग बच्चे की मदद लेकर सांसी गिरोह का सदस्य ज्वैलरी और नकदी से भरा पर्स ले गया था। हालांकि, पुलिस ने राजगढ़ के ग्राम गुलखेड़ी में आरोपी के घर दबिश दी थी जिसमें पर्स और चोरी गया सामान मिल गया था जिसे पुलिस ने जूनवाल परिवार को लौटा दिया था। हालांकि, आरोपी पुलिस के आने की भनक लगते ही भाग निकला था। इसी घटना को देखते हुए अब पुलिस शहरभर में विवाह समारोह में पहुंचकर आयोजकों को सतर्क रहने की समझाइश दे रही है।

पुलिस की सलाह, इन बातों का रखें ख्याल

Advertisement

समारोह स्थल पर सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं और रिकॉर्डिंग सिस्टम को सुचारू रखें।

एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर सुरक्षागार्ड या स्वयंसेवक तैनात करें।

संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखें, विशेषकर अकेले घूमने वाले या स्टॉल और गिफ्ट काउंटर के आसपास अनावश्यक रुकने वालों पर।

नकदी, गहने, मोबाइल आदि अनावश्यक रूप से साथ ना रखें।

गिफ्ट एवं लिफाफों के प्रबंधन की जिम्मेदारी विश्वसनीय व्यक्ति को ही सौंपें।

बैंड-बाजा, कैटरिंग, डेकोरेशन आदि कर्मियों का रिकॉर्ड व आवश्यक सत्यापन रखें।

मेहमान अपने पर्स, मोबाइल, जेवर आदि कीमती सामान को सुरक्षित रखें, इन्हें खुले में ना छोड़ें।

पार्किंग क्षेत्र में भी सीसीटीवी कैमरे लगाएं।

वाहन को लॉक कर रखें और कीमती सामान वाहन में खुला ना छोड़ें।

किसी भी संदिग्ध व्यक्ति/गतिविधि या चोरी की स्थिति में तुरंत 112 या नजदीकी थाने को सूचित दें।

इधर, सराफा व्यापारियों को भी नसीहत

इ धर, पुलिस कप्तान के निर्देश पर सराफा व्यापारियों की जिलेभर में बैठक आयोजित की। इसमें सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया गया। थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में सुनार, सराफा व्यापारी से उनकी ज्वैलरी शॉप पर पहुंचकर संवाद किया। इसमें उनसे कहा गया कि अपनी दुकानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की समझाइश दी और इसमें कम से कम 30 दिन की रिकॉर्डिंग बैकअप क्षमता रखने के लिए निर्देशित किया। दुकानों में अलार्म सिस्टम तथा प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाने का सुझाव भी दिया गया। इसके अलावा शादियों के सीजन में ग्राहकों की ज्यादा भीड़ होने पर सतर्क रहें और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें। गहनों की अदला-बदली करने वालों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि एवं घटना की जानकारी डायल 112 और संबंधित थाने में दें।

पुलिस व व्यापारियों के बीच सामंजस्य जरूरी

मीटिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग और पुलिस के सहयोग से अपराधों पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सकती है। इस पर सराफा व्यापारियों ने सुरक्षा के लिए दिए इन सुझाव का स्वागत करते हुए पुलिस का सहयोग करने, दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा को मजबूत करने पर सहमति दी।

Related Articles

Write a review