महाकाल पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज किया
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एक लडक़ी फिर एक प्रेमी की बेवफाई की शिकार हुई है। इस बार उत्तराखंड के एक युवक ने पीथमपुर की लडक़ी का भरोसा तोड़ा है। धोखा देकर उसकी आबरू से खेला और शादी से मुकर गया। शुरुआत फेसबुक से हुई थी। जिसका अंत यह हुआ कि अब लडक़ी अपने प्रेमी का फेस देखने को तरस रही है।
दो प्रेमियों के प्रेम प्रसंग की यह शुरुआत करीब तीन साल पहले हुई। पीथमपुर की एक कंपनी में नौकरी करने वाली २५ वर्षीय (रीना काल्पनिक नाम) को फेसबुक चलाने का बड़ा शौक है। शाम को नौकरी से निवृत्त होने के बाद वह फेसबुक से ही अपना समय व्यतीत करती थी। इसी पर उत्तराखंड उधमपुर में रहने वाले विक्की पाल से उसका संपर्क हुआ। दोनों एक दूसरे की पोस्ट पसंद करने लगे। पोस्ट प्यार में बदल गई। एक दूसरे जीने-मरने की कसमें खाने लगे। प्यार परवान चढ़ता गया।
प्रेमिका उधमपुर उसके घर पहुंच गई, दो दिन रुकी
रीना को लगने लगा कि विक्की उसकी असली मोहब्बत है। वह उस पर भरोसा कर सकती है। वही उसका जीवन साथी है। दोनों में बात हुई और रीना मई 2024 में उधमपुर पहुंच गई। वहां उसने विक्की का घर देखा, माता-पिता से मिली। दो दिन वह वहां रही। विक्की उसे अपने शहर में घुमाता रहा। जैसा कि झूठा प्रेमी ज्यादा कसमें खाता है, ठीक उसी प्रकार वह कसमें खाता रहा। रीना उसकी आंखों में अपना भविष्य तलाशने लगी। उसकी बातों से कहीं ऐसा नहीं लगा कि धोखा हो सकता है। विक्की ने भी रीना के साथ कोई ऐसा व्यवहार नहीं किया जो उसे आशंकित करे। इस तरह रीना संतुष्ट होने के बाद पीथमपुर लौट आई।
महाकाल मंदिर में शादी करेंगे, प्रेमी ने झांसा दिया
रीना और विक्की सिर्फ दो दिन के लिए ही मिले थे, और बिछड़ गए थे, लेकिन रीना को लगा कि बिछड़े बरसों हो गए। दोनों में एक बार फिर फेसबुक ने मध्यस्थता कराई। अब तो वे घंटों बातें भी करने लगे थे। विक्की ने प्रस्ताव रखा, हम उज्जैन आ जाते हैं तुम भी आ जाना। हम महाकाल मंदिर में शादी करेंगे। रीना विक्की के बहकावे में आ गई। उधर उधमपुर से विक्की भी उज्जैन आ गया। दोनों 12 अक्टूबर 2024को गदा पुलिया स्थित हरसिद्धि स्टे होम में रुके। यहां दो दिन तक वे दोनों रुके रहे और जीवन का आनंद लेते रहे।
आखिरकार बदमाशी दिखाई विक्की ने
दो दिन बाद रीना ने विक्की से कहा कि अब हमें शादी कर लेना चाहिए। विक्की ने बात बदल दी। कुछ ही देर बाद कोई फोन आया और बोला, माँ की तबीयत बहुत खराब है मुझे निकलना होगा। रीना यह सुन कर हतप्रभ थी। चालबाज विक्की ने अपनी चालबाजी दिखाई और रीना को अकेला छोड़ कर चला गया। यहां से जाते ही उसने मोबाइल बंद कर लिया।
रीना किसी तरह पीथमपुर पहुंची और विक्की से संपर्क स्थापित करने का प्रयास करने लगी। जब उसे लगा कि विक्की ने धोखा देकर उसकी इज्जत से खेला है तब उसने अपने जीजा से संपर्क किया। पूरी कहानी बताई। दोनों महाकाल थाना पहुंचे और बदमाश विक्की के खिलाफ रेप,धोखा और अन्य अपराधों के तहत केस दर्ज कराया।