शादी के पांच दिन बाद दूसरी मंजिला बिल्डिंग से गिरी दुल्हन, मौत

नीचे उतर रही थीं, रस्सी टूट गई, ढाई लाख रुपए देकर बिहार से लाए थे
अक्षरविश्व न्यूज रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता की फिल्मी अंदाज में घर से भागने की कोशिश उसकी मौत का कारण बन गई। आधी रात दूसरी मंजिल से रस्सी के सहारे नीचे उतरते समय रस्सी टूट गई और वह करीब 25 फीट नीचे गिर गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। महिला बिहार की रहने वाली थी। उसकी शादी कथित तौर पर 2.60 लाख रुपए लेकर दलालों के जरिए कराई गई थी।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ-साथ संभावित लुटेरी दुल्हन गिरोह के एंगल से भी पड़ताल कर रही है। घटना 30 जुलाई की रात रतलाम के करमदी रोड क्षेत्र की है, जो शनिवार को सामने आई। वेल्डिंग का काम करने वाले 45 वर्षीय मुकेश चौहान ने 26 जुलाई को बिहार के रोहतास जिले के करवंदिया गांव निवासी 23 वर्षीय संध्या चौधरी से शादी की थी। मुकेश के मुताबिक, दोनों दूसरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी मां बसंतीबाई ग्राउंड फ्लोर पर थीं। देर रात संध्या ने दूसरी मंजिल के शेड पर लगे लोहे के पोल से रस्सी बांधी और नीचे उतरने लगी। करीब 10 फीट नीचे पहुंचते ही दो साल पुरानी रस्सी टूट गई और वह लगभग 25 फीट नीचे रेत के ढेर पर गिर गई।
उज्जैन के दलाल के जरिए 2.60 लाख देकर शादी
मुकेश का दावा है कि उसकी शादी उज्जैन जिले के बडऩगर के जैथलाकलां निवासी मोहन नामक व्यक्ति के माध्यम से कराई थी, जिसके लिए उसने 2.60 लाख रुपए दिए थे। घटना के बाद से मोहन भी संपर्क में नहीं है।
उसने बताया कि शादी के दौरान संध्या की मां और भाई से मिलवाया गया, लेकिन उनके नाम तक नहीं बताए गए। शादी की कानूनी प्रक्रिया कराने आए वकील ने फोटो और वीडियो बनाने से भी मना कर दिया। बाद में रतलाम पुलिस की सख्ती के बाद उसी वकील ने वॉट्सएप पर शादी की तस्वीरें भेजीं।
पति की नींद खुली तो कमरे में नहीं मिली पत्नी
मुकेश ने बताया कि रात करीब 2 बजे उसकी नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। पहले लगा कि वह बाथरूम गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसने पूरे घर में तलाश की और पड़ोसियों को बुलाया। घर के पीछे रेत के ढेर पर संध्या बेसुध पड़ी मिली। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
परिजन नहीं पहुंचे, पति ने किया अंतिम संस्कार
संध्या ने मकान निर्माण के दौरान मचान बांधने के लिए लाई गई दो साल पुरानी रस्सी का इस्तेमाल किया था। घटनास्थल से पोल से बंधा करीब 10 फीट लंबा रस्सी का टुकड़ा मिला है। थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान और एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने भी मौके का निरीक्षण किया।
घटना की सूचना संध्या के परिजन को बिहार में दी गई, लेकिन शनिवार तक कोई भी रतलाम नहीं पहुंचा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव पति मुकेश को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसने अंतिम संस्कार कर दिया।









