बुलेट से निकाल रहे थे पटाखे की आवाज, पुलिस ने काटे चालान

उज्जैन। बुलेट के मोडिफाइड साइलेंसर से पटाखे की तरह आवाज निकालकर शांति भंग करने वालों पर पुलिस ने सख्ती की। कोठी रोड से माधवनगर पुलिस ने ४ बुलेट सवारों पर कार्रवाई की और उनके बुलेट थाने ले गए। शनिवार दोपहर सभी के चालान बनाकर भविष्य में ऐसा काम नहीं करने की समझाइश दी गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि नियमों के खिलाफ काम बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। दरअसल, बुलेट सवार शुक्रवार रात तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए साइलेंसर से पटाखे की तरह आवाज निकाल रहे थे। इसकी शिकायत मिलते ही माधवनगर पुलिस ने चार बुलेट सवारों पर कार्रवाई की और शनिवार दोपहर सभी के १-१ हजार रुपए के चालान बनाकर मोडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
टीआई राकेश भारती ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि कुछ महीनों पहले पुलिस ने टॉवर पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। इस दौरान महंगी बाइक्स में महंगे मोडिफाइड साइलेंसर लगवाकर उससे फायर की आवाज निकालने वाले 105 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए साइलेंसर जब्त कर उन्हें रोड रोलर की मदद से नष्ट किया था।









