दो दिन के लिए बाहर गए मेडिकल व्यवसायी के सूने घर में चोरी

उज्जैन। ऋषिनगर में रविवार को एक सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने एक मेडिकल व्यवसाई के सूने घर को निशाना बनाते हुए वहाँ से सोने के आभूषण और बड़ी मात्रा में नगदी उड़ा दी। घटना का पता तब चला जब मकान मालिक ने ऊपरी मंजिल का ताला टूटा हुआ देखा।

माधवनगर पुलिस के मुताबिक ऋषिनगर स्थित मकान नंबर एस 14/8 में मेडिकल व्यवसायी नवीन पिता मांगीलाल पाटीदार किराए से ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। पिछले दो दिनों से वे परिवार के साथ पैतृक गांव खेड़ावद (शाजापुर) गए हुए थे। रविवार को जब मकान मालिक की नजर उनके घर के टूटे हुए ताले पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना नवीन को दी। शाजापुर से आनन-फानन में उज्जैन लौटे नवीन ने पुलिस को बताया कि अज्ञात चोर घर की अलमारी में रखे सोने के आभूषण और 40 हजार रुपए नगद समेट कर रफूचक्कर हो गए हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने का प्रयास किया, लेकिन मुख्य घटनास्थल के पास कहीं भी कैमरे लगे होना सामने नहीं आया।









