कार का टायर फटा, डिवाइडर पर चढ़ी कार, एक की मौत

उज्जैन। भगवान महाकाल के दर्शन करने आए तीन दोस्तों के साथ इंदौर लौटते समय शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि इंदौर के दो दोस्त घायल हो गए।
दरअसल, मृतक का नाम मणिकांत कुट्टी (29) है जो विशाखापट्टनम से 100 किमी दूर का रहने वाला था और खाद-बीज का काम करता था। शनिवार को वह इंदौर से दोस्त ओमप्रकाश धाकड़ और बालकृष्ण धाकड़ के साथ भगवान महाकाल के दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद तीनों स्कोडा कार से वापस इंदौर जा रहे थे क्योंकि मणिकांत की रात 9 बजे बैंगलुरु के लिए फ्लाइट थी। दोपहर करीब 2 से 3.30 बजे के बीच चंदेसरा के समीप हाइवे पर कार के टायर के नीचे पत्थर जैसी कोई नुकीली चीज आई जिससे टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर लहराती हुई डिवाइडर से टकराते हुए उसके ऊपर चढ़ गई।
घटना इतना भीषण थी कि लोगों की भीड़ लग गई। इसके बाद तीनों घायलों को कार से निकालकर तत्काल चरक अस्पताल लाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टर ने मणिकांत को मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह परिवार के यहां पहुंचने पर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे में घायल ओमप्रकाश धाकड़ इंदौर में राइज एग्रो इंफ्रा प्रालि के मालिक हैं। उनके साथ उनके अकाउंटेंट बालकृष्ण धाकड़ भी चोटिल हुए हंै जिसे सिर में चोट है। ओमप्रकाश ने बताया कि कार में मणिकांत पीछे बैठा था। दुर्घटना के बाद मणिकांत और बालकृष्ण बेहोश हो गए थे, जबकि मैं होश में था। आसपास के लोगों ने हमें गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।









