सीमेंट का ट्राला नाले में पलटा

800 से अधिक बोरी पानी में बही, ड्रायवर सुरक्षित

उज्जैन। एमआर 5 रोड (मक्सी-आगर बायपास)पर बुधवार की सुबह सीमेंट की बोरियों से भरा एक ट्रॉला नाले में पलटी खा गया। हादसे में डाइवर तो सुरक्षित बच गया लेकिन 800 बोरियां पानी में डूब गईं। इससे सीमेंट खराब हो गई।
दरअसल, राजस्थान की रामगंज मंडी का अंकित पिता तुलसीराम ट्रॉला चालक है। वह राजस्थान के मोडक से 840 बोरी सीमेंट की लेकर आया था। नक्षत्र होटल के पास स्थित गोदाम में ट्रॉले को खाली होना था। अंकित ने नाले के पास सड़क किनारे ट्रॉला खड़ा किया और एजेंसी संचालक प्रेम मीणा से मोबाइल पर लोकेशन पूछी। इसी दौरान अचानक नाले की मिट्टी धंसने लगी और ट्रॉला पलट गया। जैसे-तैसे ४० बोरियों को सुरक्षित निकाला गया। 800 बोरियां पानी लगने से खराब हो गई। एजेंसी संचालक प्रेम मीणा ने बताया कि सीमेंट की बोरियों की लागत 3 लाख रुपए से अधिक है।
पहले भी पलट चुका है ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एमआर-5 रोड किनारे स्थित नाला कच्चा है। तेज पानी के बहाव के कारण इसके किनारे की मिट्टी धंसती जा रही है। लगातार कटाव के कारण कभी पांच फीट चौड़ा रहा नाला अब 20 फीट से ज्यादा का हो गया है। पिछले सप्ताह ही टाइल्स की पेटी लेकर आया ट्रक नाले में पलटी खा गया था। मीणा के मुताबिक नगर निगम अफसरों से शिकायत की तो उनका कहना था कि सीवरेज का काम शहर में चल रहा है। टाटा कंपनी का काम पूरा होने के बाद नाले की आवश्यकता ही नहीं होगी। नाले में पानी का तेज बहाव है ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।









